एकनाथ खडसे ने मांगा विधान परिषद का टिकट 

Eknath Khadse demanded ticket of Legislative Council
एकनाथ खडसे ने मांगा विधान परिषद का टिकट 
एकनाथ खडसे ने मांगा विधान परिषद का टिकट 

डिजिटल डेस्क, मुंबई। प्रदेश में लंबे समय से राजनीतिक वनवास झेल रहे भाजपा के दिग्गज नेता व पूर्व मंत्री एकनाथ खडसे ने विधान परिषद का टिकट मांगा है। राज्य विधान परिषद की रिक्त हुई 9 सीटों के लिए 21 मई को चुनाव होने हैं। रविवार को खडसे ने कहा कि मेरी विधान परिषद में जाने की इच्छा है। मैंने इच्छा को पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के सामने व्यक्त की है। इस बारे में उचित फैसला पार्टी करेगी। खडसे ने कहा कि महाराष्ट्र में राज्यसभा चुनाव के समय प्रदेश भाजपा की तरफ से मेरे नाम की सिफारिश केंद्रीय नेतृत्व के पास की गई थी लेकिन मुझे दिल्ली जाने की ज्यादा इच्छा नहीं थी। इसलिए मैंने राज्यसभा के टिकट के लिए तैयार नहीं हुआ था। 

वहीं भाजपा के पूर्व मंत्री सुधीर मुनगंटीवार ने खडसे की मांग का समर्थन किया है। मुनगंटीवार ने कहा कि खडसे को अपने भावना व्यक्त करने का अधिकार है। मुझे लगता है कि पार्टी खडसे के बारे में उचित फैसला लेगी। टिकट देने का फैसला राज्य स्तर पर नहीं बल्कि पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व के स्तर पर होता है। लेकिन उनकी मांग उचित है। विधान परिषद में जाने के लिए उनकी इच्छा भी है। उन्होंने भाजपा के लिए प्रचंड परिश्रम किया है। 40 सालों से एक दल के विचार पर निष्ठा रखते हुए जलगांव, खानेदश और फिर प्रदेश स्तर पर पार्टी के विस्तार के लिए काम किया है।

इससे पहले साल 2019 के विधानसभा चुनाव में खडसे का टिकट काट दिया गया था। खडसे की नाराजगी के बाद भाजपा ने उनकी बेटी रोहिणी खडसे को टिकट दिया था लेकिन रोहिणी विधानसभा चुनाव हार गईं। वहीं साल 2014 के विधानसभा चुनाव बाद प्रदेश में फडणवीस सरकार बनने के बाद राज्य मंत्रिमंडल में खडसे सबसे ताकतवर मंत्रियों में से एक थे लेकिन जमीन खरीद विवाद में साल 2016 में खडसे ने इस्तीफा दे दिया था। उसके बाद से ही खडसे लगातार राजनीतिक वनवास झेल रहे हैं। 
 

Created On :   3 May 2020 12:30 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story