- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- विशप के घर ईओडब्ल्यू का छापा, पौने...
विशप के घर ईओडब्ल्यू का छापा, पौने दो करोड़ नकदी सहित विदेशी मुद्रा भी मिली
डिजिटल डेस्क जबलपुर। द बोर्ड ऑफ एजुकेशन चर्च ऑफ नॉर्थ इंडिया जबलपुर डायोसिस के विशप पीसी सिंह उर्फ प्रेमचंद सिंह के नेपियर टाउन स्थित निवास व कार्यालय में गुरुवार की सुबह ईओडब्ल्यू ने छापा मारा। कार्रवाई के दौरान ईओडब्ल्यू को विशप के घर से 1 करोड़ 65 हजार रुपए नकदी व विदेशी मुद्रा में 18 हजार 352 डॉलर, 118 पौंड मिले हैं। जाँच टीम को नोट गिनने के लिए एसबीआई से मशीन बुलानी पड़ी। ईओडब्ल्यू द्वारा गबन के मामले में सर्च वारंट जारी होने के बाद छापे की कार्रवाई की गई।
इस संबंध में ईओडब्ल्यू एसपी देवेंद्र सिंह ने बताया कि विशप पीसी सिंह के खिलाफ शिकायत मिली थी कि उन्होंने फर्जी दस्तावेजों के आधार पर मूल सोसायटी के नाम में परिवर्तन किया और खुद उसका चेयरमैन बन गए फिर पद का दुरुपयोग कर सोसायटी द्वारा संचालित विभिन्न शैक्षणिक संस्थाओं में छात्रोंं से मिलने वाली फीस की राशि का उपयोग धार्मिक संस्थाओं के क्रियान्वयन व स्वयं के उपयोग के लिए किया। शिकायत की जाँच डीएसपी मंजीत सिंह से कराई गई थी। जाँच में इस बात का खुलासा हुआ कि शैक्षणिक सत्र 2004-05 से वर्ष 2011-12 के दौरान करीब दो करोड़ 70 लाख की राशि विभिन्न धार्मिक संस्थाओं को ट्रांसफर की गई। इसमें से बड़ा हिस्सा विशप ने खुद के उपयोग पर खर्च किया। मामले की जाँच के बाद विशप पीसी सिंह तत्कालीन असिस्टेंट रजिस्ट्रार फर्म एवं संस्थाएँ बीएस सोलंकी व अन्य के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था।
जर्मनी की सैर पर विशप
छापे के दौरान विशप के निवास पर मौजूद लोगों ने बताया कि पीसी सिंह जर्मनी की सैर करने गए हैं। इसके बाद उन्हें सर्च वारंट दिखाते हुए विशप की अनुपस्थिति में ईओडब्ल्यू की टीम ने कार्रवाई की। इस दौरान मामले से शैक्षणिक संस्थाओं से जुड़े दस्तावेजों को भी जब्त किया गया है।
बैंक खातों की भी होगी जाँच
जाँच टीम द्वारा विशप के बैंक खातों की जानकारी संबंधी दस्तावेजों को भी जब्त किया गया है। जब्त किए गए दस्तावेजों के आधार पर बैंक खातों की जाँच की जाएगी। खातों से की जाँच में इस बात का खुलासा हो सकेगा कि फीस की रकम देश-विदेश की किन संस्थाओं को दी गई है और कब व कितनी राशि किस संस्था को भेजी गई है।
दर्ज हैं करीब एक सैकड़ा मामले
जानकारों के अनुसार ईओडब्ल्यू कार्रवाई के पहले ही विशप पीसी सिंह के खिलाफ करीब 99 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें उत्तर प्रदेश में 42, राजस्थान में 24, दिल्ली, छग व झारखंड में 3-3, मध्यप्रदेश में 4, महाराष्ट्र में 11, पंजाब में 6 मामले व हरियाणा पश्चिम बंगाल आदि राज्य शामिल हैं।
दस साल के रिकॉर्ड की जाँच
जाँच टीम के अनुसार वर्ष 2004 से 2012 के बीच बड़ी राशि का गबन किया जाना पाए जाने के बाद अब वर्ष 2012 से वर्ष 2022 तक के सोसायटी से जुड़ी विभिन्न शैक्षणिक संस्थाओं के दस्तावेजों की भी जाँच की जाएगी।
Created On :   8 Sept 2022 8:13 PM IST