हनुमान चालीसा का पाठ करना अपराध है, तो हम हर दिन करेंगे यह गुनाह

Fadnaviss challenge to Uddhav - reciting Hanuman Chalisa is a crime, so we will commit this crime every day
हनुमान चालीसा का पाठ करना अपराध है, तो हम हर दिन करेंगे यह गुनाह
फडणवीस की उद्धव को चुनौती हनुमान चालीसा का पाठ करना अपराध है, तो हम हर दिन करेंगे यह गुनाह

डिजिटल डेस्क, मुंबई। विधानसभा में विपक्ष के नेता देवेंद्र फडणवीस ने मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को राजद्रोह का मुकदमा लगाने की चुनौती दी है। उन्होंने कहा कि यदि महाराष्ट्र में हनुमान चालीसा का पाठ करना राजद्रोह है तो हम यह अपराध हर दिन करेंगे। मुख्यमंत्री मेरे खिलाफ भी राजद्रोह का मुकदमा कायम करें। सोमवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में फडणवीस ने हनुमान चालीसा का पाठ किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार मेरे खिलाफ भी राजद्रोह का मामला दर्ज करे। पत्रकारों से बातचीत में फडणवीस ने कहा कि अमरावती की निर्दलीय सांसद नवनीत राणा और बडनेरा सीट से निर्दलीय विधायक ने केवल मुख्यमंत्री के निजी आवास मातोश्री के सामने हनुमान चालीसा का पाठ करने की घोषणा की थी। लेकिन सरकार ने राणा दंपति के खिलाफ राजद्रोह का मामला दर्ज किया है। सत्तारूढ शिवसेना को हनुमान चालीसा से इतनी नफरत क्यों है? राणा दंपति के खिलाफ राजद्रोह का मामला दर्ज करना हास्यहास्पद और आश्चर्यजनक है। फडणवीस ने कहा कि जेल में पुलिस नवनीत से दुर्व्यवहार कर रही है। उन्हें पीने का पानी उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है। महिला सांसद को शौचालय का इस्तेमाल करने नहीं दिया गया। इस बारे में नवनीत ने अपने वकील के जरिए लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पत्र लिखकर शिकायत की है। फडणवीस ने दावा किया कि नवनीत को जेल में आभास कराया जा रहा है कि वह दलित समाज की हैं। 

मुख्यमंत्री के इशारे पर भाजपा नेताओं पर हुए हमले

फडणवीस ने कहा कि मुंबई में भाजपा नेताओं के खिलाफ मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के इशारे पर हमले हो रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि विपक्ष पर हमला करने के लिए सत्ताधारियों ने सीमा का बंटवारा कर दिया है। मुंबई में विपक्ष के नेताओं को पस्त करने के लिए मुख्यमंत्री कार्यालय काम कर रहा है। जबकि शेष महाराष्ट्र की जिम्मेदारी गृहमंत्री को दी गई है। फडणवीस ने कहा कि जेड श्रेणी की सुरक्षा प्राप्त भाजपा के पूर्व सांसद किरीट सोमैया पर पुलिस के समक्ष हमले हुए हैं। जबकि भाजपा नेता मोहित कंबोज की मॉब लिंचिंग करने की कोशिश की गई। मुंबई भाजपा के पोल खोल यात्रा के रथ को तोड़ा गया। फडणवीस ने कहा कि शिवसेना को यह गलतफहमी दूर कर लेनी चाहिए कि हमले के कारण भाजपा शांत बैठ जाएगी। भाजपा चुप नहीं बैठेगी। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल और केरल में भाजपा के सैकड़ों कार्यकर्ताओं को मार दिया गया। इसके बावजूद भाजपा ने दोनों प्रदेशों में सत्ताधारी दलों के खिलाफ जमकर लड़ाई लड़ी है। महाराष्ट्र में तो भाजपा की ताकत सत्तारूढ़ दलों की जितनी है। सरकार को जैसे का तैसा जवाब देने के लिए भाजपा सक्षम है। राज्य में कानून व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी सरकार की होती है। फडणवीस ने कहा कि मुंबई में भाजपा नेताओं के खिलाफ हुए हमले के संबंध में केंद्रीय गृह अमित शाह को एक पत्र भेजा गया है। इसके अलावा प्रदेश भाजपा सत्ताधारी दलों से निपटेगी। 

आत्महत्या करने वाले एसटी कर्मचारी के परिजनों से भी मिले मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री रविवार को मातोश्री के सामने शिवसेना कार्यकर्ताओं के साथ आंदोलन में शामिल हुई 80 साल की बुजुर्ग महिला चंद्रभागा शिंदे के घर पर गए थे। इस पर फडणवीस ने कहा कि मुख्यमंत्री को एसटी हड़ताल के दौरान आत्महत्या करने वाले किसी कर्मचारी के परिजनों के घर पर जाना चाहिए। मुख्यमंत्री को आत्महत्या करने वाले किसानों के किसी परिजनों के घर पर जाकर संवेदना जतानी चाहिए। 
 

Created On :   25 April 2022 1:35 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story