पूर्व पुलिस आयुक्त पाटील भी बनेंगे भाजपाई, कांग्रेस-राकांपा के चार विधायकों ने भी दिया इस्तीफा

Former Police Commissioner Patil will also join BJP
पूर्व पुलिस आयुक्त पाटील भी बनेंगे भाजपाई, कांग्रेस-राकांपा के चार विधायकों ने भी दिया इस्तीफा
पूर्व पुलिस आयुक्त पाटील भी बनेंगे भाजपाई, कांग्रेस-राकांपा के चार विधायकों ने भी दिया इस्तीफा

डिजिटल डेस्क, मुंबई। विपक्षी नेताओं के साथ साथ सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी भी सत्ताधारी भाजपा में शामिल हो रहे हैं। हाल ही में पुणे के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त पद से सेवानिवृत्त हुए साहेब राव पाटिल बुधवार को भाजपा में शामिल होंगे। जलगांव जिले के पारवड इलाके के निवासी पाटिल राज्य के जल संसाधन मंत्री गिरीश महाजन की पहल पर भाजपा में शामिल हो रहे हैं। सूत्रों के अनुसार पाटिल भाजपा के टिकट पर विधानसभा चुनाव लड़ सकते हैं। पाटिल ने पुलिस सेवा से रिटायर होने के बाद राजनीति में सक्रिय होने का मन पहले से बना लिया था। पुलिस सेवा में रहते वे सामाजिक कार्यो में सक्रिय थे। पुलिस सेवा में रहते ‘साहेब फाउंडेशन’ और ‘गांव तीर्थ मंदिर ट्रस्ट’ के माध्यम से अपने इलाके में सामाजिक कार्य कर रहे थे। अपनी 30 वर्षों की सेवा के दौरान पाटील नागपुर के डीसीपी सहित पुणे, नाशिक, रायगढ़ आदि स्थानों पर अपनी सेवाएं दी। 

कांग्रेस-राकांपा के चार विधायकों ने दिया इस्तीफा, बनेंगे भाजपाई 

विधानसभा चुनाव के लिए दल बदल के लिए विपक्षी विधायकों के इस्तीफे का सिलसिला तेज हो गया है। मंगलवार को कांग्रेस-राकांपा के चार विधायकों ने विधानसभा सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। ये सभी नेता बुधवार को भाजपा में शामिल होने वाले हैं। इस्तीफा देने वालों में कांग्रेस के विधायक कालिदास कोलंबकर और राकांपा के विधायक शिवेन्द्र सिंह भोसले, वैभव पिचड और संदीप नाईक शामिल हैं। इन लोगों ने विधान भवन में विधानसभा अध्यक्ष हरिभाऊ बागड़े को अपना इस्तीफा सौंपा। बागड़े को ये इस्तीफे अलग अलग सौंपे गए। कोलंबकर मुंबई से सात बार विधायक रह चुके हैं। शिवेन्द्र सिंह भोसले ने 2014 में सतारा विधानसभा सीट से राकांपा के टिकट पर 47,813 वोटों से चुनाव जीता था। सूत्रों ने बताया कि चारों विधायक बुधवार को भाजपा में शामिल हो सकते हैं। वैभव पिचड राकांपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मधुकरराव पिचड के बेटे हैं जबकि संदीप नाईक राकांपा के वरिष्ठ नेता व पूर्व मंत्री गणेश नाईक के बेटे हैं। नई मुंबई मनपा के 52 राकांपा नगरसेवक नाईक के साथ भाजपा में शामिल होने वाले हैं। इससे राकांपा को तगडा झटका लगने वाला है। इस बीच मंगलवार को राज्य के जल संसाधन मंत्री गिरीष महाजन ने कहा कि कांग्रेस-राकांपा के विधायक, जिला परिषद सदस्य, नगरसेवक अब अपनी पार्टी में रहने के लिए तैयार नहीं हैं। इस लिए ये सभी भाजपा में शामिल होना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस-राकांपा के करीब 50 विधायक हमारे साथ आने के लिए तैयार हैं। महाजन ने कहा कि पार्टी में आने वालों को कोई आश्वासन नहीं दिया गया है। वे अपने राजनीतिक भविष्य के लिए भाजपा में आ रहे हैं। 

गणेश नाईक ने किया राकांपा का नुकसान

राकांपा के वरिष्ठ नेता व विधायक जीतेंद्र आव्हाड ने कहा कि गणेश नाईक ने राकांपा का बहुत नुकसान किया। वे 2014 में ही पार्टी छोड़ने वाले थे। उन्होंने कहा मैं काफी पहले से कह रहा था कि गणेश नाईक राकांपा का नुकसान कर पार्टी छोड़ देंगे। आव्हाड ने कहा कि राकांपा ने गणेश नाईक परिवार को बहुत कुछ दिया। उन्होंने केवल अपने परिवार का विकास किया। आव्हाड ने कहा कि शरद पवार के आशिर्वाद से राकांपा को फिर से खड़ा करेंगे।        
 

Created On :   30 July 2019 1:38 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story