भाजपा नेता पर हमला करने वाले चार आरोपी दबोचे गए

Four accused of attacking BJP leader arrested
भाजपा नेता पर हमला करने वाले चार आरोपी दबोचे गए
कोतवाली पुलिस ने चौबीस घंटे के भीतर किया गिरफ्तार भाजपा नेता पर हमला करने वाले चार आरोपी दबोचे गए

 

डिजिटल डेस्क सिवनी।  भाजपा जिला उपाध्यक्ष नरेन्द्र उर्फ गुड्डू ठाकुर तथा भाजपा के ही जिला मंत्री अधिवक्ता विनोद सोनी के बीच हुए टकराव के बाद बुधवार की शाम सोनी पर हमला करने वाले 4 लोगों को कोतवाली पुलिस ने गुरुवार की दोपहर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने चारों को मुंगवानी में घेराबंदी कर दबोचा। घटना को अंजाम देने के 24 घंटे के भीतर पकड़े गए चारों आरोपी शहर के रहने वाले ही बताए जा रहे हैं। फिलहाल, चारों हमलावरों का जिला उपाध्यक्ष गुड्डू ठाकुर से लिंक नहीं मिल पाया है, लेकिन पुलिस उनके मोबाइल कॉल रिकॉर्ड खंगालने के साथ ही मामले की विवेचना में जुटी है।

मुंगवानी में पकड़े गए

भाजपा के जिला मंत्री अधिवक्ता सोनी पर बुधवार की शाम गणेश चौक के पास हुए हमले की घटना ने राजनीतिक सरगर्मी बढ़ा दी थी। हमले के दौरान सोनी के भाई भी मौजूद थे, जिन पर भी हमलावरों ने वार करने का प्रयास किया था। घटना के बाद तत्काल एक्शन मोड पर आई पुलिस ने आरोपियों की पतासाजी शुरू की। गुरूवार की दोपहर सुराग मिला कि आरोपी मुंगवानी में मौजूद हैं। बताया गया कि यह सूचना मिलते ही कोतवाली टीआई महादेव नागोतिया, एसआई सुल्तान खान, एएसआई संजय यादव, आरक्षक  नीतेश ठाकुर, नीरज आम्रवंशी, अंकित देशमुख, मुकेश चौरिया, रवि धुर्वे, अभिषेक, महेन्द्र व इरफान के साथ मुंगवानी पहुंचे और घेराबंदी कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।    

ये हुए गिरफ्तार

पकड़े गए आरोपियों में महावीर वार्ड निवासी अभयजीत भारद्वाज पिता विजेन्द्र (33 वर्ष), डंूडा सिवनी कबीर वार्ड  निवासी रजत सिंह ठाकुर पिता रज्जू ठाकुर (28 वर्ष), डूंडासिवनी निवासी राकेश सोनवाने पिता दरियाब सिंह (28 वर्ष) तथा शहीद वार्ड निवासी लवकेश बघेल पिता तेजलाल (30 वर्ष) शामिल बताया जा रहा है। पुलिस ने चारों के खिलाफ विभिन्न धारा के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। चारों को शाम को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
संगठन को भेजी जानकारी
दोनों भाजपा नेताओं में हुए टकराव से कांग्रेसियों को मौका मिल गया है। कांग्रेसी आरोप लगा रहे कि भाजपाई शहर में गैंगवार चला रहे हैं। इधर, पार्टी की किरकिरी को देखते हुए भाजपा संगठन भी हरकत में है। भाजपा जिलाध्यक्ष आलोक दुबे ने गुरूवार को भास्कर से चर्चा करते हुए बताया कि पूरे मामले की जानकारी प्रदेश संगठन को भेजी जा चुकी है। अब जो भी फैसला होगा पार्टी संगठन द्वारा लिया जाएगा।

परिवार को दी जाए सुरक्षा

जिला अधिवक्ता संघ के नेतृत्व में गुरूवार की सुबह बड़ी संख्या में एकत्र हुए अधिवक्ताओं ने सोनी पर हुए हमले की निंदा करते हुए आक्रोश जाहिर किया। अधिवक्ताओं ने एसपी व कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर सोनी के परिवार को सुरक्षा प्रदान करने तथा आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। इस दौरान अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष रवि कुमार गोल्हानी सहित सुनील कुमार पाण्डेय, दादू निखिलेन्द्रनाथ सिंह, हीरालाल जरगे, अजय बाबा पाण्डेय, ऋषभपाल सिंह बघेल, महेन्द्र हरिनखेड़े, तामसिंह सनोडिया, संजय विश्वकर्मा, श्रीराम बघेल आदि मौजूद रहे।

Created On :   16 Sep 2021 5:25 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story