- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- सतना
- /
- प्रशासन की लापरवाही, छुई खदान धंसने...
प्रशासन की लापरवाही, छुई खदान धंसने से किशोरी समेत 4 महिलाओं की मौत

डिजिटल डेस्क सतना। नयागांव थाना इलाके के सिरसावन में अर्से से बंद पड़ी छुइ खदान के धंसने से किशोरी समेत 4 महिलाओं की मौत हो गई। इनमें से 3 ने जहां मौके पर ही दम तोड़ दिया, वहीं एक अन्य की मृत्यु उपचार के दौरान मझगवां के सरकारी अस्पताल में हुई। जिले में लगातार इस तरह के हादसे होने के बाद भी जिला प्रशासन किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं कर रहा है। बताया जाता है कि इसी खदान में 3 साल पहले भी ऐसी ही घटना में 3 महिलाओं की मौत हो गई थी, किंतु इस मामले में भी किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं हुई।
पहाड़ी से 5 फीट नीचे है खदान
हादसे के बाद मौके पर पहुंचे नयागांव के थाना प्रभारी केपी त्रिपाठी ने बताया कि सिरसावन में ये हादसा सुबह 10 बजे के करीब उस वक्त हुआ जब कुछ महिलाएं पहाड़ी से 5 फीट नीचे स्थित छुई खदान में घुस कर उत्खनन कर रही थीं। इसी बीच अचानक ऊपरी हिस्सा धसक गया और मलबे की चपेट में आने के कारण रामदुलारी खटिक पति बदलू (40), गुलबिया खटिक पति लक्ष्मण (45)और गीता उर्फ मइकी पुत्री चुन्नू खटिक (16) की मौके पर ही मृत्यु हो गई। सभी मृतक उत्तर प्रदेश के सीतापुर के रहने वाले थे। जबकि गंभीर रुप से घायल 35 वर्षीय एक अन्य ग्रामीण कैरी केवट पति हरिओम की मृत्यु इलाज के दौरान मझगवां के सरकारी अस्पताल में हुई। हादसे में सीतापुर निवासी 16 वर्षीय पार्वती भी घायल हो गई। हादसे की खबर ग्रामीणों ने सबसे पहले डॉयल-100 को दी थी। मलबा हटाने में पुलिस को जेसीबी की मदद लेनी पड़ी।
एक माह में दूसरा हादसा
जिले में एक माह के अंदर इस किस्म का ये दूसरा हादसा है। इससे पहले धारकुंडी थाना क्षेत्र के बरौं प्रतापपुर में छुही की एक खदान धसकने से 3 ग्रामीणों की मौत हो गई थी। चित्रकूट के जंगलों में छुही की तमाम खदाने हैं। ज्यादातर खदानें बंद पड़ी हैं। इलाके की ग्रामीण महिलाएं प्राय: चोरी-छिपे इन खदानों पर छुही खोदने के लिए पहुंचती हैं। प्रशासन की माने तो लगातार लोगों को समझाइश भी दी जाती है। इसके बाद भी लोग यहां पहुंच जाते हैं, जिसके कारण हादसे घटित हो रहे है।

Created On :   18 Nov 2018 4:31 PM IST