- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- 13 साल की लड़की के साथ गैंगरेप,...
13 साल की लड़की के साथ गैंगरेप, तीनो आरोपी हैं पड़ोसी

डिजिटल डेस्क, मुंबई। महानगर के कफपरेड इलाके में एक 13 साल की लड़की से सामूहिक बलात्कार की वारदात हुई। तीनों आरोपी लड़की के पड़ोसी हैं और वारदात के बाद से ही फरार हैं। शिकायत के मुताबिक घर से कचरा फेंकने निकली लड़की को आरोपियों ने जबरन घर में खींचकर उसके साथ दुष्कर्म किया।
पुलिस के मुताबिक पीड़ित लड़की अपने घर से रात को आठ बजे के करीब कचरा फेंकने निकली थी। इसी दौरान पहले से ताक में बैठे एक आरोपी ने लड़की को बातचीत के बहाने अपने पास बुलाया और लड़की के करीब आते ही उसे घर में खींचकर दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। इसके बाद मुख्य आरोपी के साथ घर में पहले से मौजूद दो और आरोपियों ने लड़की के साथ दुष्कर्म किया।
लड़की की चीख बाहर ना जा पाए इसलिए आरोपियों ने घर में रखी दो बेडशीट उसके मुंह पर लपेट दी। वारदात के बाद आरोपियों ने लड़की को धक्का देकर घर से बाहर निकाल दिया। इसके बाद डरी सहमी लड़की जब तक परिवार को जाकर वारदात की जानकारी दे पाती आरोपी घर बंद कर फरार हो गए। लड़की की शिकायत के आधार पर कफ परेड पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 376 (3), 376 (डी) और पाक्सो कानून की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है।
वारदात सोमवार रात हुई थी लेकिन इसका शिकार हुई लड़की सदमे में थी और वह कुछ बोल नहीं पा रही थी। मामले की शिकायत करने वह अगले दिन शाम को पुलिस स्टेशन पहुंची। पुलिस तीनों फरार आरोपियों की तलाश कर रही है।
Created On :   14 Jun 2019 8:34 PM IST