- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- गोपीनाथ मुंडे गन्ना कटाई महामंडल अब...
गोपीनाथ मुंडे गन्ना कटाई महामंडल अब धनंजय मुंडे के हवाले

डिजिटल डेस्क, मुंबई। प्रदेश सरकार ने गोपीनाथ मुंडे गन्ना कटाई मजदूर महामंडल को सामाजिक न्याय व विशेष सहायता विभाग के पास हस्तांतरित करने का फैसला किया है। फिलहाल यह महामंडल सरकार के श्रम विभाग के पास था। सोमवार को श्रम विभाग की तरफ से महामंडल को हस्तांतरित करने के संबंध में शासनादेश जारी किया गया। राज्य में भाजपा सरकार के कार्यकाल में गन्ना कटाई करने वाले मजदूरों के लिए महामंडल बनाया गया था। लेकिन महामंडल के कार्यालय और कामकाज को लेकर विधान परिषद के तत्कालीन विपक्ष के नेता धनंजय मुंडे ने राज्य की तत्कालीन ग्रामीण विकास मंत्री पंकजा मुंडे पर आरोप लगाए थे। लेकिन अब राज्य की नई सरकार में धनंजय के पास सामाजिक न्याय विभाग की जिम्मेदारी है।
समझा जा रहा है कि उनकी पहल पर इस महामंडल को समाजिक न्याय व विशेष सहायता विभाग के पास हस्तांतरित किया गया है। राज्य में चीनी उद्योग एक प्रमुख उद्योगों में शामिल है। फिलहाल राज्य में 101 सहकारी और 87 निजी चीनी मिलें हैं। राज्य में लगभग 8 लाख गन्ना कटाई मजदूर हैं। गन्ना कटाई का काम करने वाले अधिकांश मजदूर मराठवाड़ा अंचल के हैं। इसमें से अधिकांश बीड़ जिले के हैं। लेकिन गन्ना कटाई के काम के लिए मजदूरों को राज्य के दूसरे जिलों में स्थलांतरित होना पड़ता है। गन्ना कटाई मजदूरों और उनके परिवार के उत्थान के लिए यह महामंडल बनाया गया है।
Created On :   24 Feb 2020 8:24 PM IST