सक्रिय सदस्यों की पड़ताल करेगी भाजपा, जांच के लिए बनाई उपसमिति

Governor gave confidence to Fadnavis distribute fund to farmers
सक्रिय सदस्यों की पड़ताल करेगी भाजपा, जांच के लिए बनाई उपसमिति
सक्रिय सदस्यों की पड़ताल करेगी भाजपा, जांच के लिए बनाई उपसमिति

डिजिटल डेस्क, मुंबई। महाराष्ट्र में नई सरकार न बना पा सकने वाली भाजपा ने अब संगठनात्मक चुनाव के लिए कमर कस ली है। भाजपा ने प्रदेश भर में पार्टी के सक्रिय सदस्यों की पड़ताल के लिए एक समिति का गठन किया है। जिसको सक्रिय सदस्यता सूची जांच उपसमिति नाम दिया गया है। उपसमिति में हर जिले के लिए पार्टी के प्रदेश स्तर से एक पदाधिकारी और जिला अध्यक्ष की ओर से दो स्थानीय सहप्रमुख पदाधिकारियों की नियुक्ति की गई है। शुक्रवार को दादर स्थित मुंबई भाजपा कार्यालय में संगठनात्मक चुनाव कार्यशाला का आयोजन किया गया। बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय निर्वाचन अधिकारी व पूर्व केंद्रीय मंत्री राधामोहन सिंह ने पदाधिकारियों को संबोधित किया। उन्होंने पार्टी के संगठनात्मक चुनाव के रूपरेखा के बारे में बताया। सिंह ने उम्मीद जताई है कि महाराष्ट्र प्रदेश का संगठनात्मक चुनाव 15 दिसंबर तक निश्चित रूप से हो जाएगा। पार्टी से मिली जानकारी के अनुसार प्रदेश भाजपा के नए अध्यक्ष का चयन 15 दिसंबर से पहले कर लिया जाएगा। इससे पहले 20 नवंबर तक सक्रिय सदस्यों का पंजीयन होगा। बूथ अध्यक्ष व बूथ समिति के सदस्य का चयन 25 नवंबर तक होगा। सक्रिय सदस्य जांच समिति की जांच प्रक्रिया 24 नवंबर तक पूरी करेगी। मंडल अध्यक्ष और मंडल समिति सदस्य का चयन 25 से 30 नवंबर तक होगा। जिला अध्यक्ष और जिला समिति के सदस्य का चयन 1 से 10 दिसंबर के बीच होगा। भाजपा कम से कम तीन साल से प्राथमिक सदस्य के रूप में काम करने वाले कार्यकर्ताओं को सक्रिय सदस्य मानेगी। सक्रिय सदस्यों को कम से कम 25 प्राथमिक सदस्य के रूप में कार्यकर्ताओं को पार्टी से जोड़ना पड़ेगा। साथ ही पार्टी के कोष में 100 रुपए का शुल्क भरना होगा। इसके अलावा पार्टी की तरफ से दिए गए कामों में नियमित और सक्रिय रूप से हिस्सा लेना पड़ेगा। भाजपा ने राज्य भर में संगठन के चुनाव के लिए जिला चुनाव अधिकारियों की नियुक्त की है। नागपुर शहर के जिला चुनाव अधिकारी पूर्व मंत्री सुधीर मुनगंटीवार, नागपुर ग्रामीण जिला के चुनाव अधिकारी अतुल देशकर, अकोला शहर और ग्रामीण जिला के चुनाव अधिकारी विधायक गिरीष व्यास, अमरावती शहर जिला के चुनाव अधिकारी राजेंद्र डांगे, अमरावती ग्रामीण जिला के चुनाव अधिकारी पूर्व मंत्री संजय कुटे, औरंगाबाद शहर और ग्रामीण जिला के चुनाव अधिकारी विधायक अतुल भातखलकर, नाशिक शहर जिला के चुनाव अधिकारी दिलीप गांधी और नाशिक ग्रामीण जिला के चुनाव अधिकारी डॉ. शशिकांत वाणी समेत 56 जिलों में चुना अधिकारी की नियुक्ति की है। भाजपा ने संगठनात्मक दृष्टि से राज्य को 56 जिलों में बांटा है। 

किसानों को मदद निधि वितरित करने राज्यपाल ने फडणवीस को दिया भरोसा

वहीं प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी से शुक्रवार को राजभवन में मुलाकात की। फडणवीस ने राज्यपाल से कहा कि बेमौसम बारिश के कारण किसानों की फसलों का प्रचंड नुकसान हुआ है। इसलिए किसानों को तत्काल नुकसान भरपाई के लिए निधि वितरित की जाएं। इस पर राज्यपाल ने फडणवीस को तत्काल कदम कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। दूसरी ओर शिवसेना, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी और कांग्रेस के नेताओं का प्रतिनिधिमंडल भी शनिवार को राज्यपाल से मुलाकात करेगा। तीनों दलों के नेता राज्यपाल से राज्य में गीला सूखा से प्रभावित किसानों की मदद की मांग करेंगे। 
 

Created On :   15 Nov 2019 3:38 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story