खुशी बदली मातम में, बहन की शादी का सामान लेने गए भाइयों की सड़क दुर्घटना में मौत

Happiness suddenly turns into sadness brother died in sisters wedding
खुशी बदली मातम में, बहन की शादी का सामान लेने गए भाइयों की सड़क दुर्घटना में मौत
खुशी बदली मातम में, बहन की शादी का सामान लेने गए भाइयों की सड़क दुर्घटना में मौत

डिजिटल डेस्क, सतना। मझगवां थाना अंतर्गत पिंड्रा ग्राम पंचायत के मटिहाचुआ गांव में गुरुवार को एक परिवार में लड़की की बारात आनी थी, लेकिन होनी को कुछ और ही मंजूर था। अभी बारात लग भी नहीं पाई थी कि लड़की के मौसी और बुआ के लड़के सड़क दुर्घटना का शिकार हो गए।  पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार दोनों युवक पत्तल लेने बाइक से जा रहे थे। तभी चौरहा गांव के पास अज्ञात पिकअप वाहन ने उनकी बाइक को ठोकर मार दी। इस दुर्घटना में पंकज पिता कुन्ना 21 वर्ष निवासी मटिहाचुआ और अजय पिता रामकेश निवासी मारकुण्डी 17 वर्ष की घटना स्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

ग्रामीणों ने लगाया जाम
सड़क दुर्घटना का शिकार हुए दोनों युवकों की मौत के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगा दिया। इस घटना की सूचना मिलते ही मझगवां TI शंखधर द्विवेदी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस द्वारा पीड़ित परिवार के परिजनों को सांत्वना देकर लाश उठवाने का प्रयास देर रात तक जारी रहा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक इस दर्दनाक घटना से गांव में महिलाओं एवं मृतक के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया है।

हासिल जानकारी के मुताबिक नयागांव पुलिस ने सड़क दुर्घटना कर भाग रहे पिकअप वाहन को नाकाबंदी कर जब्त कर लिया है। खबर लिखे जाने तक मझगवां पुलिस सदल-बल घटना स्थल पर मौजूद रही और लगातार सड़क पर जाम लगाकर प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया जाता रहा।

दुल्हन समेत बाल-बाल बचे परिजन
नागौद थाना अंतर्गत बरेठिया के पास एक बास अनियंत्रित होकर पलट गयी। हादसे में एक दर्जन लोगों को मामूली चोटें आई, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गयी। पुलिस के मुताबिक रीवा जिले के हनुमना से गुप्ता परिवार के लोग बेटी की शादी करने पन्ना जा रहे थे। होने वाली दुल्हन समेत परिजन व रिश्तेदार बस एमपी 17 पी-0975 पर सवार होकर बुधवार देर रात को रवाना हो गए थे, लेकिन गुरुवार तड़के बरेठिया के पास पहुंचने पर चालक का नियंत्रण खो जाने से बस पलट गयी। हादसा होते ही मौके पर चीख-पुकार मच गयी। बस में सवार लोगों ने ही डायल 100 व 108 पर फोन कर एम्बुलेंस बुलाई। जिनमें से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र नागौद ले जाया गया।

गनीमत रही कि किसी को गंभीर चोट नहीं आई थी सिर्फ रामखेलावन गुप्ता को कुछ देर तक भर्ती रखा गया बाद में उन्हें भी छुट्टी मिल गयी। एक दर्जन अन्य को मलहम पट्टी कर छोड़ा गया। जिसके बाद सभी लोग शादी के लिए पन्ना चले गए। खबर लगने पर वर पक्ष के लोग भी नागौद पहुंच गए थे।

 

Created On :   22 Jun 2018 2:15 PM IST

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story