हथिनी अनारकली ने दिया मादा बच्चे को जन्म

Hathini Anarkali gave birth to a female child
हथिनी अनारकली ने दिया मादा बच्चे को जन्म
पन्ना हथिनी अनारकली ने दिया मादा बच्चे को जन्म

डिजिटल डेस्क,पन्ना। बाघों के लिए प्रसिद्ध पन्ना टाइगर रिजर्व में पचास वर्षीय हथिनी अनारकली ने शुक्रवार को सुबह एक स्वस्थ मादा बच्चे को जन्म दिया है। अंतर्राष्ट्रीय बाघ दिवस 29 जुलाई को यहां हाथियों के कुनबे में एक नये और नन्हें मेहमान के आ जाने से प्रसन्नता का माहौल है। हथिनी अनारकली का यह चौथा बच्चा है। इसके पूर्व इस हथिनी ने पन्ना टाइगर रिजर्व में 2 अक्टूबर 2017 को बापू हाथी को जन्म दिया था। इस नन्हे मेहमान के आ जाने से पन्ना टाइगर रिजर्व में हाथियों के कुनबे की संख्या बढकर 16 हो गई है। हांथियों के इस कुनबे में दुनिया की सबसे उम्रदराज हथिनी वत्सला भी शामिल है जो पन्ना टाइगर रिजर्व के लिये किसी धरोहर से कम नहीं है। पन्ना टाइगर रिजर्व के क्षेत्र संचालक उत्तम कुमार शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि हथिनी अनारकली ने 29 जुलाई को सुबह 03:01 बजे परिक्षेत्र गहरीघाट के हाथी कैम्प सकरा में मादा बच्चे को जन्म दिया है। नवजात शिशु का वजन 90 किलोग्राम है तथा हथनी व बच्चा दोनों पूर्ण रूप से स्वस्थ हैं। प्रसव के उपरांत हथिनी व बच्चे का स्वास्थ्य परीक्षण पन्ना टाइगर रिजर्व के वन्य प्राणी चिकित्सक डॉ.संजीव कुमार गुप्ता द्वारा किया जा रहा है। बताया गया है कि मादा शिशु अपनी मां का दूध पीने के साथ-साथ अठखेलियां भी करने लगी है। वन्य प्राणी चिकित्सक डॉ.गुप्ता ने बताया कि हथिनी अनारकली ने इसके पूर्व हीरा पन्ना और बापू तीन नर बच्चों को जन्म दे चुकी है। पहली बार उसने मादा बच्चे को जन्म दिया है। आपने बताया कि हथिनी व उसके नन्हें शिशु की समुचित देखरेख तथा विशेष भोजन की व्यवस्था की जा रही है। हथिनी को दलिया, गुड, गन्ना तथा शुद्ध घी से निर्मित लड्डू खिलाये जा रहे हैं जिससे नन्हें शिशु को पर्याप्त दूध मिल सके। हथिनी व उसके शिशु की देखरेख व निगरानी के लिए स्टाफ की तैनाती की गई है। 
 

Created On :   30 July 2022 2:13 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story