कोरोना के कारण इस बार हद में होली, सार्वजनिक स्थान पर उत्सव की अनुमति नहीं

Holi in restrictions this time due to Corona, celebration not allowed in public place
कोरोना के कारण इस बार हद में होली, सार्वजनिक स्थान पर उत्सव की अनुमति नहीं
कोरोना के कारण इस बार हद में होली, सार्वजनिक स्थान पर उत्सव की अनुमति नहीं

डिजिटल डेस्क, नागपुर। होलिका दहन के बाद होली में खुशियों का रंग जमेगा। हाेलिका दहन के एक दिन पहले बाजार में उमड़ी भीड़ ने लोगों के उत्साह की झलक दिखाई है। कोरोना संकट के साये में इस उत्सव को हद वाली होली भी कह सकते हैं। एक ऐसी होली, जहां प्रशासन ने नियमों की लकीर खींच दी है। इसे ध्यान में रखकर ही हम सबको होली मनानी है। प्रशासन ने दो दिन पहले ही साफ कर दिया है कि इस बार सार्वजनिक होलिका दहन नहीं होगा। रंग खेलने पर मनाही है। हुड़दंग का तो कोई सवाल ही नहीं है। कोई भी नियमों को तोड़ते मिला तो पुलिस कार्रवाई करेगी। पुलिस के डंडे भी पड़ सकते हैं। 5 से अधिक एक साथ दिखे तो थाने जाना पड़ सकता है।

धुलिवंदन के दिन शहर में दोपहर 1 बजे तक ही फल, सब्जी और मांस की दुकानें खुली रहेंगी, इसके अलावा अतिआवश्यक दवा की दुकानें खुली रहेंगी। शहर के कई इलाके में पुलिस की ओर से रूट मार्च भी किया जाएगा। दंगा निरोधक दस्ते को भी अलर्ट रहने का आदेश दिया गया है। यह जानकारी शनिवार को सिविल लाइंस स्थित पुलिस जिमखाना में आयोजित पत्र परिषद में शहर पुलिस आयुक्त अमितेश कुमार ने दी। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस आयुक्त सुनील फुलारी और पुलिस उपायुक्त गजानन राजमाने उपस्थित थे।

सशस्त्र जवान तैनात रहेंगे

पुलिस आयुक्त ने कहा कि  धुलिवंदन के दिन शहर में 66 स्थानों पर नाकाबंदी रहेगी। संवेदनशील इलाके में 75 फिक्स प्वाइंट पर पुलिस के जवान तैनात रहेंगे। शहर के 33 थानों में  प्रत्येक थाने में 2 से 3 पेट्राेलिंग मोबाइल वाहन रहेंगे। अपराधियों की पहचान के लिए सादे वेश में पुलिस के जवान तैनात रहेंगे।

सार्वजनिक स्थान पर अनुमति नहीं

किसी भी अपार्टमेंट या सार्वजनिक जगह पर एकत्रित होकर होली मनाने की अनुमति नहीं है। अगर ऐसा करते मिले, तो पुलिस सीधा धरपकड़ की कार्रवाई करेगी। परिवार के लोग अपने घरों में परिवार के साथ होली मना सकते हैं। धुलिवंदन में पुलिस का तगड़ा बंदोबस्त रहेगा।

अवैध शराब विक्रेताओं पर कार्रवाई 

शहर में गांजा, ड्रग्स या अवैध शराब विक्रेताओं के खिलाफ शिकंजा कसा जा चुका है। अवैध धंधेवालों के खिलाफ एक्शन लिया जाएगा। शराब का संग्रहण करके रखनेवालों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी। 

दोपहिया पर 1 और कार में 2 को अनुमति 

शहर में एक बार फिर दोपहिया वाहन पर 1 और कार में 2 लोगों के सफर की अनुमति रहेगी। नियम की अनदेखी पर सख्त कार्रवाई होगी। पुलिस वाहन भी डिटेन करेगी। पुलिस आयुक्त ने नागरिकों से आह्वान किया है कि वह होली में पुलिस का सहयोग करें।

पुलिस ने निकाला रूटमार्च

कामठी के दोनों पुलिस स्टेशन ने संयुक्त रूप से होली की पूर्व संध्या पर कामठी में शनिवार को रूटमार्च निकाल कर देर शाम शहर के प्रमुख मार्गों से भ्रमण किया। रूटमार्च के दौरान परिमंडल पांच के डीसीपी निलोत्पल, एसीसी रोशन पंडित, नए पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक संजय मेंढे, जूना पुलिस स्टेशन के पुलिस निरीक्षक विजय मालचे आदि सहित पुलिस कर्मचारी रूटमार्च में शामिल हुए। होली में सार्वजनिक रूप से त्योहार मनाने पर शासन की ओर से पाबंदी लगाई गई है। गिने-चुने लोगों की उपस्थिति में होली का त्योहार मनाने की अनुमति है। फिर भी हुड़दंग मचाने वालों पर पुलिस की कड़ी नजर रखी जा रही है। वहीं केमिकलयुक्त कलर बेचने पर पाबंदी होने से पुलिस ने कई कलर बेच रहे दुकानदारों पर भेंट देकर जांच पड़ताल की।

गीता मंदिर में प्रतीकात्मक रूप से "फूलों की होली" उत्सव मनाया

ब्रज में भगवान श्रीकृष्ण के साथ होली खेलने की सबसे उत्तम भावदशा का नाम है, रसिक हाे जाना, रस के साथ एक हो जाना। होली के फाग गीत गाते हुए, झूमते हुए भक्त, राधा-कृष्ण की भक्ति में इतना डूब जाते हैं कि अपना अस्तित्व भूलकर केवल रसिक हो जाते हैं। होली की पूर्व संध्या पर सुभाष मार्ग स्थित श्री गीता मंदिर में प्रतीकात्मक रूप से "ब्रज की फूलों की होली" उत्सव मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर संचालक स्वामी निर्मलानंद महाराज ने यह विचार व्यक्त किए। कोरोना महामारी के परिप्रेक्ष्य में फूलों की होली का कार्यक्रम बंद मंदिर में कम भक्तों की उपस्थिति में शासकीय निर्देशों का पालन करते हुए मनाया गया। स्वामी ने भक्तजनों से शासकीय िनर्देशों का पालन करते हुए होली मनाने की अपील की हैं।
 

Created On :   28 March 2021 10:22 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story