ईदुज्जुहा: सजदे में झुके सिर, दुआ के लिए उठे हाथ
डिजिटल डेस्क जबलपुर। इस्लाम में कुर्बानी की बड़ी अहमियत है, ईदुज्जुहा सुन्नते इब्राहीमी है। ईदुज्जुहा का पैगाम है कि मुसलमान को अल्लाह के हुजूर में अपना सब कुछ यहाँ तक कि अपनी जान भी कुर्बान करने के लिए तैयार रहना चाहिए। उक्ताशय की तकरीर मुफ्ती ए आजम मप्र. हजरत मौलाना मोहम्मद हामिद अहमद सिद्दीकी ने ईद के मौके पर ईदगाह कला रानीताल में आए नमाजियों को संबोधित करते हुए व्यक्त की। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि मुल्क में कौमी एकता तथा भाईचारा हर हाल में कायम रहना चाहिए। कौमी एकता ही मुल्क की पहचान है।
मौलाना साहब की तकरीर के बाद ईदुज्जुहा की नमाज मौलाना ज्याउल हक कादरी ने अदा कराई। नमाज के दौरान हजारों सिर सजदे में झुक गए। इसके बाद नायबे मुफ्ती ए आजम मौलाना मुशाहिद रजा कादरी ने मुल्क में खुशहाली के लिए दुआ फरमाई। नमाज के बाद लोगों ने आपस में गले मिलकर एक दूसरे को ईद की मुबारकबाद पेश की। ईदगाह प्रवेशद्वार पर राजनैतिक कार्यकर्ताओं तथा हिंदू धर्मावलंबियों ने मुस्लिम बंधुओं से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद तथा शुभकामनाएँ दीं।
यहाँ भी हुए आयोजन
ईदगाह गोहलपुर में सुबह 8 बजे पेश इमाम हाफिज मोहम्मद ताहिर ने ईद की नमाज अदा कराई। वहीं सदर ईदगाह में मौलाना सैय्यद बरकात अहमद कौसर रब्बानी ने ईद की नमाज अदा कराई। सदर बाजार की गलियों में हिंदू भाईयों ने इत्र लगाकर मुस्लिम बंधुओं का स्वागत किया तथा गले मिलकर ईद की शुभकामनाएँ दीं। नगर की सभी मस्जिदों सहित उपनगरीय क्षेत्र गढ़ा, रांझी में भी सुबह ईदुज्जुहा की नमाज अदा की गई। ईद पर देर रात तक दावतों का सिलसिला चलता रहा।
कलेक्टर, एसपी पहुँचे ईदगाह
ईद के मौके पर कलेक्टर डॉ इलैयाराजा टी, एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा, निगमायुक्त आशीष वशिष्ठ, विधायक लखन घनघोरिया, विनय सक्सेना भी रानीताल ईदगाह पहुँचे और ईद की मुबारकबाद पेश की। इस दौरान मौलाना साहब ने ईद पर की गई व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन और पुलिस का आभार जताया।
Created On :   10 July 2022 9:55 PM IST