विधानसभा में पंजाब के मुख्यमंत्री ने कहा- विश्वास प्रस्ताव जरूरी

In the assembly, the Chief Minister of Punjab said- confidence motion is necessary
विधानसभा में पंजाब के मुख्यमंत्री ने कहा- विश्वास प्रस्ताव जरूरी
पंजाब सियासत विधानसभा में पंजाब के मुख्यमंत्री ने कहा- विश्वास प्रस्ताव जरूरी

डिजिटल डेस्क, चंडीगढ़। कांग्रेस और भाजपा को एक ही सिक्के के दो पहलू बताते हुए पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मंगलवार को कहा कि विश्वास प्रस्ताव इसलिए जरूरी था, क्योंकि दोनों पार्टियों ने लोकतांत्रिक तरीके से चुनी गई सरकारों को गिराने के लिए हाथ मिलाया है। विश्वास प्रस्ताव पेश करते हुए उन्होंने कहा, भाजपा पिछले दरवाजे से राज्य में सरकार बनाने के लिए दलबदल विरोधी कानून का इस्तेमाल कर रही है और दुर्भाग्य से इसका सबसे बड़ा शिकार होने के बावजूद कांग्रेस इसका समर्थन कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा ने विधायकों को लुभाकर मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, कर्नाटक और अन्य में चुनी हुई सरकारों को गिरा दिया। हालांकि, उन्होंने कहा कि वे दिल्ली में तीन बार अपने भयावह कदमों में विफल रहे और अब पंजाब में भी, वे विधायकों को खरीदने की कोशिश कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि, भाजपा अपने पैसों का इस्तेमाल लोकतंत्र की अपूरणीय क्षति के लिए कर रही है। उन्होंने कहा कि अतीत में कांग्रेस ने भी यही किया है और अब बीजेपी भी उन्हीं के नक्शे कदम पर चल रही है। मान ने कांग्रेस और भाजपा के बीच मिलीभगत का उदाहरण देते हुए कहा कि, कांग्रेस नेतृत्व ने कन्याकुमारी से कश्मीर तक भारत जोड़ो यात्रा शुरू की है, लेकिन गुजरात और हिमाचल प्रदेश के चुनावी राज्यों को जानबूझकर भाजपा को लाभ देने के लिए बाहर रखा गया है।

उन्होंने कहा कि उनकी आम आदमी पार्टी (आप) ने राजनीति में जनकल्याण का नया एजेंडा तय किया है और इस वजह से भाजपा नेतृत्व को अपने विभाजनकारी एजेंडे को छोड़कर लोगों की भलाई के बारे में बात करने को मजबूर होना पड़ा है। मान ने कहा कि, यह आप का प्रभाव है कि जिन नेताओं ने लोगों को विभाजित किया था, वे अब स्कूलों, कॉलेजों और अस्पतालों का उद्घाटन करते नजर आ रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि, पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह, जिन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान चुपचाप भाजपा के साथ मिल लिए, अब औपचारिक रूप से पार्टी में शामिल हो गए हैं। पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के खिलाफ भी निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि पहली बार किसी राजनीतिक दल का कोई मुख्यमंत्री चेहरा चुनाव में हार के बाद गायब हुआ है। उन्होंने दावा किया कि वास्तव में पूर्व मुख्यमंत्री को शासन के दौरान किए गए कुकमोर्ं का डर सता रहा है, जिसके कारण वह भाग रहे हैं।

आगे पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि, राज्य के लोगों ने उम्मीद के लिए वोट दिया है और आप पंजाब को देश में सबसे आगे चलने वाला राज्य बनाने के लिए कड़ी मेहनत कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह प्रस्ताव दर्शाता है कि लोगों को हम पर और हमें लोगों में विश्वास है। मान ने कहा कि भाजपा लोगों का विश्वास हासिल करने के लिए बेताब कोशिश कर रही है लेकिन इसे किसी भी कीमत पर नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि हार जीवन का हिस्सा है लेकिन कांग्रेस इसे पचा नहीं पा रही है जिसके कारण वह ऑपरेशन लोटस का समर्थन कर रही है।

आईएएनएस

डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ bhaskarhindi.com की टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.

Created On :   27 Sep 2022 2:30 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story