महाराष्ट्र में 21 सौ जगहों पर लाइव दिखेगा काशी विश्वनाथ धाम लोकार्पण समारोह, कृपाशंकर होंगे संयोजक 

Kashi Vishwanath Dham inauguration ceremony will be live at 21 hundred places in Maharashtra
महाराष्ट्र में 21 सौ जगहों पर लाइव दिखेगा काशी विश्वनाथ धाम लोकार्पण समारोह, कृपाशंकर होंगे संयोजक 
दिव्य काशी-भव्य काशी महाराष्ट्र में 21 सौ जगहों पर लाइव दिखेगा काशी विश्वनाथ धाम लोकार्पण समारोह, कृपाशंकर होंगे संयोजक 

डिजिटल डेस्क, मुंबई। प्रदेश भाजपा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 13 दिसंबर को वाराणसी में काशी विश्वनाथ धाम लोकार्पण कार्यक्रम को यादगार बनाएगी। इसके लिए भाजपा की तरफ से राज्य भर में 2100 शिवालयों और मंदिरों में स्क्रीन लगाई जाएंगी। इसमें प्रधानमंत्री के ‘दिव्य काशी-भव्य काशी’ कार्यक्रम की लाइव प्रसारण की व्यवस्था की जाएगी। इस मौके पर भाजपा की ओर से साधु-संतों को सम्मानित किया जाएगा।बुधवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष तथा कार्यक्रम के प्रदेश संयोजक कृपाशंकर सिंह ने यह जानकारी दी। सिंह ने कहा कि भाजपा की ओर से प्रदेश में चार ज्योतिर्लिंगों समेत सभी प्रमुख मंदिरों, मठों और अन्य धार्मिक स्थलों को मिलाकार 2100 जगहों पर कार्यक्रम आयोजित होगा। इस कार्यक्रम में पार्टी के शीर्ष नेता अलग-अलग जगहों पर शामिल होंगे। सिंह ने कहा कि मंदिरों के सामने भाजपा की ओर से आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रम में पार्टी के पोस्टर और बैनर का इस्तेमाल नहीं होगा। इसलिए दूसरे दलों के नेता भी इस कार्यक्रम में शामिल हो सकते हैं। 

आयोजन में मदद करें उद्धव ठाकरे

सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को इस कार्यक्रम के आयोजन के लिए सरकार की ओर से मदद करना चाहिए। मुख्यमंत्री को इस कार्यक्रम को सरकारी कार्यक्रम घोषित कर देना चाहिए। एक सवाल के जवाब में सिंह ने कहा कि मुझे पता नहीं है कि उद्धव को कार्यक्रम के लिए निमंत्रित किया गया है अथवा नहीं। लेकिन मुझे लगता है कि आमंत्रण का इंतजार किए बिना उन्हें स्वयं कार्यक्रम में शामिल होना चाहिए। सिंह ने कहा कि महाराष्ट्र और काशी का नाता अटूट है। भाजपा की ओर से संगठन के 68 जिलों और 704 मंडलों में यह कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा कई मंडलों में तीन से चार जगहों पर कार्यक्रम आयोजित होंगे। इससे  कार्यक्रम गांव- गांव तक पहुंच सकेगा। सिंह ने कहा कि मुंबई के हर वार्ड में यह कार्यक्रम आयोजित करने की तैयारी है। अगले साल होने वाले मुंबई मनपा चुनाव के मद्देनजर यह कार्यक्रम आयोजित किए जाने के सवाल पर सिंह ने कहा कि इसे राजनीतिक नजरिए से नहीं देखना चाहिए। हर दल में शिव भक्त हैं। सभी लोगों को इस कार्यक्रम में शामिल होना चाहिए। सिंह ने बताया कि दिव्य काशी-भव्य काशी कार्यक्रम को ऐतिहासिक और अभूतपूर्व बनाने के लिए पार्टी की ओर से कई कार्यक्रम किए जाएंगे। यह कार्यक्रम 14 जनवरी तक चलेंगे। 

Created On :   8 Dec 2021 3:27 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story