- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- खुद को पुलिस अधिकारी बताकर महिला को...
खुद को पुलिस अधिकारी बताकर महिला को अगवा करने वाले गिरफ्तार

डिजिटल डेस्क, मुंबई। खुद को पुलिस अधिकारी बताकर एक महिला को अगवा कर लूटपाट करने वाले दो आरोपियों को अपराध शाखा ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने सुबह साढे पांच बजे दहिसर चेकनाका से महिला को अपनी गाड़ी में अगवा किया और दो घंटे तक इधर उधर घुमाते रहे। बाद में महिला के दो मोबाइल और नकदी छीनकर उसे सुनसान इलाके में छोड़कर फरार हो गए। गिरफ्तार आरोपियों के नाम राजेश यादव (30) और नीरज चौधरी (24) है।
महिला को पीट कर लूट लिए थे मोबाइल और पैसे
कुलाबा में रहने वाली महिला के मुताबिक वह अपनी सहेली से मिलने के लिए सुबह की पहली लोकल पकड़कर चर्चगेट से दहिसर पहुंची थी। वह ठाकुर मॉल के पास खड़ी होकर सहेली का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान दोनों आरोपी एक कार में वहां पहुंचे और खुद को आईपीएस अधिकारी बताते हुए महिला को साथ चलने को कहा। महिला ने इनकार किया तो आरोपियों ने उसे जबरन गाड़ी में खींच लिया। आरोपियों ने विरोध करने पर महिला को पीटा और उसके पास मौजूद दो मोबाइल फोन और पैसे छीन लिए। दो घंटे इधर उधर घुमाने के बाद आरोपियों ने महिला को सुनसान इलाके में छोड़ा और फरार हो गए।
पुलिस ने जब्त किये मोबाइल, कार और नकदी
महिला दहिसर पुलिस स्टेशन पहुंची और मामले की शिकायत की। इसके बाद मामले की जांच काशीमीरा पुलिस के हवाले कर दी गई। साथ ही अपराध शाखा की यूनिट 12 ने भी समानांतर जांच शुरू कर दी। सीसीटीवी और दूसरे सुरागों के सहारे पुलिस ने घटना में इस्तेमाल कार की पहचान की और दहिसर इलाके से आरोपियों को गिरफ्तार कर कार जब्त कर ली। पूछताछ में आरोपियों ने महिला को अगवा कर लूटपाट की बात स्वीकार कर ली। आरोपियों के पास से पुलिस ने महिला का चुराया गया मोबाइल और नकदी बरामद कर ली है। इस बात की छानबीन की जा रही है कि क्या आरोपियों ने इससे पहले भी इस तरह की वारदात अंजाम दी है।
Created On :   13 April 2018 8:47 PM IST