- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- दिन में लॉकडाउन लागू नहीं किया जा...
दिन में लॉकडाउन लागू नहीं किया जा सकता, इसलिए रात में कर्फ्यू लगाया- CM

डिजिटल डेस्क, मुंबई। मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने प्रदेश के महानगर पालिका क्षेत्रों में रात के समय कर्फ्यू लागू करने के राज्य सरकार के फैसले की आलोचना करने वालों को जवाब दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में दिन में लॉकडाउन लागू नहीं किया जा सकता इसलिए रात में कर्फ्यू लगाने का फैसला लिया गया है। गुरुवार को मुख्यमंत्री ने कोविड योद्धा पत्रकारों को अपने सरकारी आवास वर्षा पर सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में फिलहाल दिन में लॉकडाउन करने नौबत नहीं है और ऐसी स्थिति आनी भी नहीं चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि कई लोगों ने सवाल पूछा कि क्या कोरोना रात में ही फैलता है? दिन में कोरोना का प्रसार नहीं होता है क्या? पर ऐसा नहीं है। कोरोना के नए प्रकार के मद्देनजर सरकार ने रात में कर्फ्यू इसलिए लागू किया जिससे जनता को इस बात का आभास रहे कि कोरोना खतरा अभी टला नहीं है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अनावश्यक भीड़ नहीं होनी चाहिए। मास्क का इस्तेमाल और सामाजिक दूरी के नियमों का पालन करना चाहिए। यदि इन नियमों का पालन कड़ाई से किया गया तो हम कोरोना को मात दे सकते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश भर में बीते मार्च महीने में लॉकडाउन लागू होने से सप्ताह भर पहले 17 मार्च से मैंने केंद्र सरकार से प्रवासी मजूदरों के लिए ट्रेन उपलब्ध कराने की मांग की थी। इसके लिए राज्य सरकार केंद्र सरकार को राशि देने के लिए तैयार थी। लेकिन केंद्र सरकार ने ट्रेन उपलब्ध कराने से मना कर दिया था। केंद्र सरकार का कहना था कि अभी व्यवस्था करना ठीक नहीं होगा। लेकिन इस कारण जो होना था वही हुआ। जिस समय प्रवाशी मजदूरों को जाने देना चाहिए था उस समय उन्हें जाने नहीं दिया गया। जिस समय उन्हें रोकना था उस समय प्रवासी मजदूरों को उनके घर पर जाने की अनुमति दी गई।
Created On :   25 Dec 2020 2:41 PM IST