आदिवासियों पर अत्याचार में नंबर वन मध्यप्रदेश : कमलनाथ

Madhya Pradesh number one in atrocities on tribals: Kamal Nath
आदिवासियों पर अत्याचार में नंबर वन मध्यप्रदेश : कमलनाथ
सिवनी आदिवासियों पर अत्याचार में नंबर वन मध्यप्रदेश : कमलनाथ

डिजिटल डेस्क, सिवनी। कुरई थाना क्षेत्र के सिमरिया गांव में इस माह 2 व 3 मई की दरमियानी रात लाठियों से पीट-पीटकर दो आदिवासियों की हत्या का मामला ठण्डा होता नहीं दिख रहा। सोमवार को प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ सागर व सिमरिया गांव पहुंचे और पीडि़त परिजनों से मिले। उन्होंने सिमरिया गांव में ही पत्रकारवार्ता कर प्रदेश की भाजपा सरकार को घेरा। कमलनाथ ने कहा कि आज मप्र पूरे देश में आदिवासियों पर अत्याचार में नंबर वन है। बेरोजगारी में तो नंबर वन है। किसानों की आत्महत्या में नंबर वन है। आज जो अत्याचार हो रहा है। नीमच की बात हो। मनावर की बात हो। ये सब एक योजना के तहत किया जा रहा है और कोई हिम्मत न करे, यदि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान इस सबका नेतृत्व न करें, बचाव न करें।

आदिवासी बचाओ-भाजपा भगाओ

कमलनाथ ने कहा कि कांग्रेस प्रदेश में आदिवासी बचाओ-भाजपा भगाओ मूवमेंट चलाएगी। भाजपा योजना के तहत काम कर रही है कि समाज को, आदिवासी समाज को कैसे बांटें। सिमरिया में हुई घटना को दुखद बताते हुए उन्होंने कहा कि अभी तक जांच पूरी नहीं हुई है। वीडियो में सबकुछ है। गवाह हैं, तो किस बात की कसर बची है। हमने मांग की थी कि सीबीआई जांच कराई जाए। ज्यूडिशियल जांच की जाए, ताकि सच्चाई सामने आए और सजा फौरन दी जाए। वे बोले देश का संविधान गलत हाथों में चला गया है। संविधान का दुरूपयोग हो रहा है। हमारे देश की संस्कृति पर आक्रमण हो रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में ट्रायबल स्कूलों, हॉस्टल की हालत खराब है। ट्रायबल क्षेत्र के अस्पताल में डॉक्टर नहीं हैं, नर्स नहीं हैं।

8-10 साल ठेला ही चलाएंगे शिवराज

घटना के 20 दिन बाद आने को लेकर किए गए सवाल पर उनका कहना था कि नेता प्रतिपक्ष आया, नकुल आया, क्या अब तक भाजपा का कोई मंत्री आया। उन्होंने कहा कि शिवराज सिंह के मन में काला नहीं होता तो खुद आते और 10 दिन में सभी आरोपियों को गिरफ्तार करते। उन्होंने कहा कि रोज सीएम शिवराज सुबह उठकर तय करते हैं कि आज मैं कौन सा इवेंट करूंगा। आज मैं कौन सी कलाकारी करूगा। कौन सी घोषणा करूंगा। चार दिन पहले कहा मैं ठेला चलाकर खिलौने इकट्ठे करूंगा। कमलनाथ बोले हम तो तैयारी कर रहे हैं। आगे 8-10  साल उन्हें ठेला ही चलाना पड़ेगा।15-16 महीने बचे हैं। मुझे मप्र की जनता पर पूरा विश्वास है कि वो मप्र की तस्वीर अपने सामने रखेगी और सच्चाई बता देगी।  

कांग्रेस ने बनाया कानून
 
कमलनाथ ने कहा कि कांग्रेस गौहत्या के पक्ष में कभी नहीं रही है। कांग्रेस की दिग्विजय सरकार के समय ही गौहत्या को लेकर कानून बनाया गया था। वे बोले की आदिवासी समाज गौ हत्या के पक्ष में नहीं है। गरीब मजदूरों पर आरोप लगाकर मारा गया। इनके घर जाइए। हनुमान जी, शिव जी की फोटो लगी है। कमलनाथ ने कहा कि दोनों मृतक के पीडि़त परिजनों को न्याय दिलाया जाएगा।

धुल के गुबार से भगदड़ सी स्थिति

सागर गांव के किनारे बनाए गए हैलीपेड पर सुबह 11 बजकर 22 मिनट प कमलनाथ का हैलीकॉप्टर उतरा। यहां से वे सागर गांव के मृतक संपत बट्टी (५०) के घर फिर सिमरिया के मृतक धानसा इनवाती (४५) के परिजनों से मिले और सांत्वना देकर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया एवं मृतक के परिजनों को 3-3 लाख रूपए सहायता राशि एवं संपत की छोटी बेटी की पढ़ाई का पूरा खर्च वहन करने को कहा। दोपहर 12 बजकर 40 मिनट पर वे हैलीकॉप्टर से वापस रवाना हो गए। हैलीकॉप्टर उडऩे के दौरान जमकर धूल भरे गुबार उडऩे से मौके पर कुछ देर के लिए भगदड़ सी स्थिति बन गई थी और ग्रामीणों के साथ ही कांग्रेसी नेता भी खुद को धुल के गुबार से बचाने यहां-वहां भागते दिखे। बरघाट के कांग्रेस विधायक ने एक कार की ओर में नीचे बैठकर खुद को गमछा ढांककर धूल से बचाया।

ये रहे मौजूद

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ के सिमरिया आने के पूर्व ही कई कांग्रेसी नेता पहुंच गए थे। इस दौरान पूर्व कैबिनेट मंत्री तरूण भनोट, कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजकुमार खुराना, जबलपुर के कांग्रेस जिलाध्यक्ष जगतबहादुर सिंह अन्नू, बरघाट विधायक अर्जुन सिंह काकोडिय़ा, लखनादौन विधायक योगेन्द्र सिंह बाबा,  डिंडौरी विधायक ओमकार मरकाम, बिछिया विधायक नारायण पट्टा, कांगे्रस सेवादल के प्रदेश अध्यक्ष रजनीश सिंह ठाकुर, राजा बघेल, राजिक अकील, मोहन चंदेल, ब्रजेश सिंह, पदम सनोडिया आदि मौजूद रहे।

Created On :   24 May 2022 11:46 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story