कृषि-सहकारिता के क्षेत्र में परिवर्तन के लिए महाराष्ट्र ने प्रत्यनशील नेता खोया: फडणवीस

Maharashtra lost repatriated leader for change in agriculture cooperatives: Fadnavis
कृषि-सहकारिता के क्षेत्र में परिवर्तन के लिए महाराष्ट्र ने प्रत्यनशील नेता खोया: फडणवीस
कृषि-सहकारिता के क्षेत्र में परिवर्तन के लिए महाराष्ट्र ने प्रत्यनशील नेता खोया: फडणवीस

डिजिटल डेस्क, मुंबई। प्रदेश के कृषि मंत्री पांडुरंग फुंडकर के असामयिक निधन से भाजपा में शोक की लहर है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने फुंडकर के निधन पर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि हमने खेती और सहकारिता क्षेत्र में परिवर्तन के लिए प्रयत्नशील रहने वाला नेता खोया है। उन्हें कृषि, सहकारिता और संबंधित विषय की गहरी समझ थी। उन्होंने इस क्षेत्र में सकारात्मक परिवर्तन करने के लिए प्रयास किया।

कृषि मंत्री फुंडकर के निधन पर शोक की लहर 
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाऊसाहेब ने विपक्ष के नेता, विधायक, सांसद, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पद जैसी विभिन्न जिम्मेदारी निभाई। पार्टी को नई ऊंचाई पर पहुंचाने के लिए बड़ा योगदान दिया।

राज्यपाल, सी विद्यासागर राव ने कहा कि फुंडकर लोकनेता और समर्पित जनप्रतिनिधि थे। कृषि मंत्री के रूप में वह मुझसे हमेशा मिलते रहते थे। किसानों की समस्याओं की समझ और उसका समाधान करने की उनमें प्रमाणिक इच्छा थी। फुंडकर का संगठन कौशल्य सर्वज्ञात है। जनता से जीवन भर जुड़े रहे। संसद सदस्य से लेकर विधानमंडल सदस्य के नाते उन्होंने जनता की विभिन्न समस्याओं को लेकर आवाज बुलंद की।

सुधीर मुनगंटीवार, वित्त मंत्री ने कहा कि फुंडकर किसानों और सामान्य जनता के नेता थे। किसानों की समस्याओं के बारे में उन्हें बेहतर समझ थी। उन्होंने पार्टी की राजनीति से परे जाकर लोगों से नाता जोड़ा था। विपक्ष में रहते हुए उन्होंने खामगांव से आमगांव किसान दिंडी यात्रा निकाल कर किसानों को न्याय देने का प्रयास किया। कृषि मंत्री के रूप में उन्होंने कृषि क्षेत्र में निवेश पर अधिक जोर दिया।

पंकजा मुंडे, ग्रामीण विकास मंत्री ने कहा कि भाऊ साहेब के निधन से सामान्य लोगों की समस्याओं पर न्याय देने वाला उम्दा नेता खोया है। यह विश्वास नहीं हो रहा है कि फुंडकर काका का निधन हो गया है। मेरे पिता गोपीनाथ मुंडे और फुंडकर के बीच गहरी दोस्ती थी।

महादेव जानकर, पशुसंवर्धन मंत्री ने कहा कि मंत्री के आकस्मिक निधन से राज्य मंत्रिमंडल के एक वरिष्ठ सहयोगी और कृषि क्षेत्र के जानकर व्यक्तित्व को हमने खो दिया। यह राज्य के लिए बड़ी हानि है। उनका खेती और माटी से मजबूत संबंध था। किसानों के विकास के लिए उन्होंने मंत्री के रूप में कई अहम फैसले लिए थे।

शरद पवार, अध्यक्ष राष्ट्रवादी कांग्रेस ने कहा कि फुंडकर के निधन की खबर सुनकर बड़ा झटका लगा है। विदर्भ के एक वरिष्ठ और जमीन से जुड़े नेता के जाने से प्रदेश की राजनीतिक व सामाजिक क्षेत्र की बड़ी हानि हुई है।

अशोक चव्हाण, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के मुताबिक फुंडकर हमेशा किसानों, वंचित और पिछड़े घटकों के विकास के लिए प्रयास करते रहे। उन्होंने राजनीति के अलावा कृषि, सहकारिता और शिक्षा क्षेत्र में बड़ा योगदान दिया।
                     

Created On :   31 May 2018 2:22 PM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story