राज ठाकरे ने कहा - एक- दो उद्योगों के बाहर जाने से महाराष्ट्र का नुकसान नहीं होगा

डिजिटल डेस्क, मुंबई। मनसे अध्यक्ष राज ठाकरे ने कहा कि एक-दो उद्योगों के बाहर जाने से महाराष्ट्र का कुछ भी नुकसान नहीं होगा। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र सभी मायनों में अमीर प्रदेश है। महाराष्ट्र हर क्षेत्र में आगे हैं। हम कई बार बिना मतलब का चिल्लाते हैं कि महाराष्ट्र और मराठी भाषियों का क्या होगा? महाराष्ट्र फिलहाल जिस स्थिति में है। इसी को यदि हम लोगों ने टिकाए रखा तो भी महाराष्ट्र काफी आगे जाएगा। रविवार को पुणे में आयोजित एक साक्षात्कार में राज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुजराती हैं। इसलिए उद्योग लगाने को लेकर गुजरात में प्राथमिकता देना उन्हें शोभा नहीं देता। मोदी को पूरे देश की ओर ध्यान देना चाहिए। मोदी की नजरों में सभी राज्य एक समान होने चाहिए। राज ने कहा कि मैंने साल 2014 में कहा था कि मोदी को अपने पहले कार्यालय में केवल उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड पर ध्यान देना चाहिए। लेकिन प्रत्यक्ष रूप से मुझे वैसा नजर नहीं आया। इसलिए मैंने साल 2019 के लोकसभा चुनाव के दौरान मोदी का विरोध किया था। मगर मोदी के दूसरी बार प्रधानमंत्री बनने के बाद केंद्र सरकार ने जम्मू- कश्मीर में अनुच्छेद 370 को रद्द करने का फैसला लिया। वहीं उत्तर प्रदेश के अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। इसलिए मैंने मोदी की तारीफ भी की है। राज ने कहा कि मेरा जन्म एक हिंदुत्ववादी विचारधारा वाला परिवार में हुआ है। इसलिए मेरे लिए हिंदुत्व के विचारों से दूर होना संभव नहीं है। राज ने कहा कि मेरी भूमिका बदलने को लेकर हमेशा सवाल उठाया जाता है पर मैं अच्छे को अच्छा और बुरे को बुरा हमेशा बोलता रहूंगा। राजनीति में परिस्थिति के अनुसार हमेशा भूमिका में बदलाव होते रहना चाहिए।
राज का उद्योग बाहर जाने का समर्थन दुर्भाग्यपूर्ण- अजित पवार
राज के उद्योग जाने से नुकसान न होने वाले बयान पर विधानसभा में विपक्ष के नेता अजित पवार ने निशाना साधा है। पुणे में अजित ने कहा कि राज का महाराष्ट्र से उद्योगों के बाहर जाने का समर्थन करना दुर्भाग्यपूर्ण है। वेदांता- फॉक्सकॉन और टाटा- एयरबस परियोजना सहित कई करोड़ों रुपए के निवेश वाले उद्योग महाराष्ट्र से बाहर गए हैं। इन उद्योगों से लाखों नए रोजगार पैदा होने वाला था। राज्य में बेरोजगारी बड़े पैमाने पर बढ़ रही है। इसलिए राज्य से एक भी उद्योग का बाहर जाना ठीक नहीं है।
राज सुपारी लेकर बोलते हैं- विनायक राऊत
शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) सांसद विनायक राऊत ने रत्नागिरी में कहा कि राज ने फिलहाल केवल सुपारी लेकर राज्य की शिंदे-फडणवीस सरकार के पक्ष में बोलने का धंधा शुरू किया है। राज को पता होना चाहिए कि महाराष्ट्र से एक- दो नहीं बल्कि पांच उद्योग गुजरात और दिल्ली में चला गया है। भाजपा ने महाराष्ट्र को कंगाल करके गुजरात विधानसभा चुनाव में जीत हासिल की है। लेकिन दुर्भाग्य से राज को यह नजर नहीं आ रहा है।
Created On :   8 Jan 2023 9:28 PM IST