- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- सतना
- /
- मैहर नपा अध्यक्ष कोरोना पाजिटिव,...
मैहर नपा अध्यक्ष कोरोना पाजिटिव, भोपाल में आइसोलेट
डिजिटल डेस्क सतना। मैहर नगर पालिका के अध्यक्ष कोरोना पाजिटिव पाए गए हैं। उन्हें भोपाल के एक निजी हॉस्पिटल में आइसोलेट कराया गया है। इधर, 3 माह बाद सेंट्रल जेल में एक बार फिर कोरोना के संक्रमण ने दस्तक दी है। यहां एक महिला और युवक विचाराधीन कैदी के थ्रोट स्वाब में कोविड-19 की पुष्टि हुई है। केन्द्रीय जेल के अंदर पुन: कोरोना का मरीज मिलने पर जेल प्रबंधन और कैदियों के बीच हड़कम्प मच गया। हालांकि राहत की बात ये है कि दोनों संक्रमितों को सेम्पलिंग होने के साथ ही जेल में अलग बैरक में आइसोलेट कर दिया गया था। गौरतलब है कि अप्रैल माह में इंदौर में मेडिकल टीम पर पथराव करने वाले 4 पत्थरबाजों को सतना की सेंट्रल जेल में शिफ्ट किया गया था जिसमें से दो रासुका के बंदियों की कोरोना रिपोर्ट पाजिटिव आई थी। जिसके बाद दोनों को पहले रीवा मेडिकल कॉलेज और फिर वहां से इंदौर वापस भेज दिया गया था।
मैहर उपजेल से आया था युवक
जानकारी के अनुसार संक्रमित युवक को मैहर उपजेल से 31 जुलाई को केन्द्रीय जेल में शिफ्ट किया गया था। नियम के मुताबिक जेल के अंदर जाने से पहले विचाराधीन कैदी की कोरोना जांच होती है लिहाजा इस बंदी का भी जिला अस्पताल में थ्रोट स्वाब का नमूना लिया गया। इसके बाद उसे रिपोर्ट आने तक अलग बैरक में आइसोलेट किया गया। संक्रमित महिला ताला की रहने वाली है। यह जून को सेंट्रल जेल आई थी। तबीयत खराब होने पर इसके थ्रोट स्वाब की सेम्पलिंग कराई गई थी। स्वास्थ्य विभाग अब दोनों विचाराधीन कैदियों की कांटेक्ट ट्रेसिंग खंगालने की कोशिश में जुट गया है।
अध्यक्ष की कुछ दिनों से खराब थी तबीयत
जानकारों ने बताया कि नगर पालिका अध्यक्ष कुछ सालों से अस्वस्थ चल रहे हैं जिसके इलाज के लिए उनका भोपाल आना-जाना होता है। स्वास्थ्य परीक्षण के लिए इस बार वो भोपाल गए तो डॉक्टरों ने कोविड-19 का टेस्ट कराया। उनके थ्रोट स्वाब में कोरोना वायरस की पुष्टि हो गई। इसकी सूचना नगर पालिका अध्यक्ष ने स्वयं सोशल मीडिया के जरिए दी।
Created On :   5 Aug 2020 1:17 PM GMT