9 घंटे तड़पती रही गर्भवती, लेडी डॉक्टर के इंकार के बाद मेल डाक्टर ने किया इलाज

Male Dr treats the pregnant woman after the Lady Doctor denies to treat
9 घंटे तड़पती रही गर्भवती, लेडी डॉक्टर के इंकार के बाद मेल डाक्टर ने किया इलाज
9 घंटे तड़पती रही गर्भवती, लेडी डॉक्टर के इंकार के बाद मेल डाक्टर ने किया इलाज

डिजिटल डेस्क, सतना। हाईरिस्क प्रेगनेंसी के चलते अमरपाटन सिविल अस्पताल से जिला अस्पताल रेफर हुई एक गर्भवती महिला 9 घंटे प्रसव वेदना से तड़पती रही, मगर किसी लेडी डॉक्टर ने उसे हाथ तक नहीं लगाया। अब ऐसे में सवाल उठता है कि मरीजों को सुविधाएं उपलब्ध कराने की दुहाई देकर एक्सीलेंस और नेशनल क्वालिटी एश्योरेंस सर्टिफिकेट हासिल करने वाला अस्पताल प्रबंधन की क्या हालत है?

क्या है पूरा मामला
अमरपाटन ब्लॉक के इटमा कोठार के रहने वाले संतोष पटेल की पत्नी मुन्नीबाई रविवार की सुबह अचानक प्रसव वेदना हुई। आनन-फानन में उसे वहीं सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने हाईरिस्क प्रेगनेंसी मानते हुए जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। परिजन मुन्नीबाई को लेकर दिन के करीब 11 बजे डिस्ट्रिक्ट हॉस्पिटल पहुंच गए। कागजी औपचारिकता पूरी करने के बाद लेबर रूम पहुंची गर्भवती महिला की ड्यूटी में तैनात पैरामेडिकल स्टाफ ने चेकअप किया तो उन्हें गर्भस्थ शिशु की धडकऩ नहीं मिली। इसके बाद पैरामेडिकल स्टाफ ने भी अपने हाथ खड़े कर दिए।

स्त्रीरोग विशेषज्ञों का पता नहीं
संडे उस पर रक्षाबंधन पर्व होने के कारण सुबह 11 बजे से लेकर रात के 8 बजे तक किसी स्त्रीरोग विशेषज्ञ ने हाथ तक नहीं लगाया। खबर है कि दोपहर 12 बजे से मेडिकल ऑफीसर लेडी डॉक्टर शांति चहल की ड्यूटी थी। प्रधानमंत्री से लेकर मुख्यमंत्री तक भले ही प्रसूताओं के लिए नित नई योजनाओं की घोषणा कर रहे हैं। मगर डॉ. चहल का दिल गर्भवती महिला पर नहीं पसीजा और उन्होंने मुन्नीबाई को हाथ तक नहीं लगाया।

डॉ. पाण्डेय ने किया चेकअप
रात 8 बजे शिफ्ट बदलने के बाद गायनकोलॉजिस्ट डॉ. सुनील पाण्डेय ड्यूटी पर पहुंचे। उन्हें जैसे ही इस गर्भवती महिला की हालत के बारे में खबर हुई, उन्होंने तत्काल उसका चेकअप किया। डॉ. पाण्डेय के मुताबिक यह महिला का छठवां बच्चा है, जिसका जन्म कभी भी हो सकता है। उन्होंने बताया कि यह नसबंदी फेल होने का मामला है। फिलहाल गर्भवती महिला की हालत खतरे से बाहर है।

 

Created On :   27 Aug 2018 1:46 PM IST

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story