मलखंब खिलाड़ियों को नहीं मिल सकती सीधे नियुक्ति

Malkhamb players cannot get direct appointment
मलखंब खिलाड़ियों को नहीं मिल सकती सीधे नियुक्ति
विधान परिषद प्रश्नोत्तर मलखंब खिलाड़ियों को नहीं मिल सकती सीधे नियुक्ति

डिजिटल डेस्क, मुंबई। प्रदेश में मलखंब के खिलाड़ियों को सरकारी सेवा में सीधे नियुक्ति नहीं दी जा सकती है। मलखंब खिलाड़ी सरकारी नौकरियों पाने के लिए 5 प्रतिशत आरक्षण का लाभ ले सकते हैं। विधान परिषद में राज्य के खेल मंत्री गिरीश महाजन ने यह जानकारी दी। मंगलवार को प्रश्नकाल में भाजपा सदस्य प्रवीण दरेकर ने मलखंब खिलाड़ियों को सरकारी सेवा में सीधे नियुक्ति के बारे में सवाल पूछा था। इसके जवाब में महाजन ने कहा कि सरकार मलखंब के खिलाड़ियों को सीधे सरकारी सेवा में नियुक्त नहीं कर सकती है। राज्य के प्रतिभावान खिलाड़ियों के लिए 5 प्रतिशत आरक्षण लागू है। इसमें मलखंब का खेल भी शामिल है। इससे मलखंब के खिलाड़ी नौकरी के लिए आरक्षण का लाभ ले सकते हैं।

पवनी को "ब' वर्ग पर्यटन स्थल का दर्जा देने मांगा है प्रस्ताव 

भंडारा के पवनी इलाके को फिलहाल क वर्ग पर्यटन स्थल का दर्जा दिया गया है। पवनी शहर को ब वर्ग तीर्थक्षेत्र का दर्जा देने के लिए राज्य के नगर विकास विभाग ने नागपुर के विभागीय आयुक्त से प्रस्ताव मंगाया है। विधान परिषद में पूछे गए एक सवाल के लिखित जवाब में राज्य के पर्यटन मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा ने यह जानकारी दी। भाजपा सदस्य उमा खापरे, भाजपा सदस्य चंद्रशेखर बावनकुले और भाजपा सदस्य प्रवीण दटके ने इस बारे में सवाल पूछा था। मंत्री लोढ़ा ने बताया कि पवनी शहर के मंदिरों की देखभाल और मरम्मत कार्य के लिए जिला नियोजन समिति के माध्यम से पवनी नगर परिषद के मुख्याधिकारी को प्रारूप तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा क्षेत्रीय पर्यटन विकास योजना के तहत पवनी शहर के समुद्र व बुद्धिष्ट प्राचीन स्थलों पर पर्यटन सुविधा निर्माण करने 2 करोड़ 92 लाख और भाई तालाब के सौंदर्यीकरण के लिए 1 करोड़ 25 लाख रुपए के कामों को मंजूरी प्रदान की गई है।

हिंगोली जिला अस्पताल में रिक्त पद भरने शुरु है प्रक्रिया 

हिंगोली के जिला अस्पताल के प्रसूति विभाग में महिला रोग विशेषज्ञ वर्ग-1 का पद बीते जनवरी महीने से रिक्त है। इस पद को सरलसेवा अथवा पदोन्नति से भरने की कार्यवाही शुरू है। इसके अलावा प्रसूति विभाग में नियमित और ठेके के सभी पद भरे जा चुके हैं। विधान परिषद में पूछे गए एक सवाल के लिखित जवाब में राज्य के स्वास्थ्य मंत्री तानाजी सावंत ने यह जानकारी दी। एक सवाल के जवाब में सावंत ने बताया कि प्रसूति विभाग में हर दिन नियमित स्वच्छता और 24 घंटे भरपूर जलापूर्ति की सुविधा उपलब्ध है। 
 

Created On :   14 March 2023 4:19 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story