मराठा आरक्षण पर सियासत में उबाल, कांग्रेस ने कहा- विरोधी संस्था का है नागपुर कनेक्शन, मुद्दे को साधने में जुटी बीजेपी

Maratha reservation boils the politics of Maharashtra, Congress said- Anti-organization has Nagpur connection
मराठा आरक्षण पर सियासत में उबाल, कांग्रेस ने कहा- विरोधी संस्था का है नागपुर कनेक्शन, मुद्दे को साधने में जुटी बीजेपी
मराठा आरक्षण पर सियासत में उबाल, कांग्रेस ने कहा- विरोधी संस्था का है नागपुर कनेक्शन, मुद्दे को साधने में जुटी बीजेपी

डिजिटल डेस्क, मुंबई। प्रदेश कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि मराठा आरक्षण के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट जाने वाली संस्थाओं में शामिल रही ‘सेव मेरिट, सेव नेशन’ की संस्था राष्ट्रीय स्वमसेवक संघ (आरएसएस) और भाजपा से जुड़ी संस्था है। इसके पदाधिकारी संघ व भाजपा के पदाधिकारी हैं। प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता सचिन सावंत ने यह दावा किया है। गुरुवार को पत्रकारों से बातचीत में सावंत ने कहा कि मराठा आरक्षण के खिलाफ अदालती लड़ाई लड़ने वाली ‘सेव मेरिट, सेव नेशन’ के पदाधिकारियों का आरएसएस-भाजपा व नागपुर कनेक्शन सामने आ गए गया है। सावंत ने कहा कि मराठा आरक्षण को लेकर आंदोलन की बात करने वाली भाजपा का असली रुप यह है। उन्होंने कहा कि 5 जून को यदि भाजपा के मराठा आंदोलन से राज्य में कोरोना संक्रमण फैला तो इसके लिए भाजपा जिम्मेदार होगी। कांग्रेस नेता सावंत ने मराठा आरक्षण लागू होने के वक्त ‘सेव मेरिट, सेव नेशन" संस्था अचानक बनी। जिस समय मराठा आरक्षण को बांबे हाईकोर्ट में चुनौती दी गई, उस वक्त तक इस संस्था का कोई अस्तित्व नहीं था। अदालत में आरक्षण के समर्थन में फैसला आने के बाद इस संस्था का कामकाज शुरु हो गया। इस संस्था के अधिकांश ट्रस्टी आरएसएस से जुड़े हैं और नागपुर के रहने वाले हैं। सीएए के समर्थन में नागपुर में हुई रैली में भी ये लोग भाजपा के मंच पर थे।संस्था के संस्थापक डॉ अनूप मरार भाजपा के डॉक्टर सेल के पूर्व विदर्भ के संयोजक हैं। देवेंद्र फडणवीस और चंद्रकांत पाटील ने उकी नियुक्ति की थी। सावंत ने कहा कि डा मरार ने नागपुर में मराठा आरक्षण के खिलाफ मोर्चा भी निकाला था। इसके बावजूद भाजपा ने उन्हें अपना पदाधिकारी बनाया। यह पूछे जाने पर की क्या इस संस्था की वजह से सुप्रीम कोर्ट में आरक्षण टिक नहीं सका या सरकार मजबूती से अपना पक्ष नहीं रख सकी? इस पर सावंत ने कहा कि मराठा आरक्षण के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट जाने वालो में यह संस्था भी थी। सावंत ने कहा कि पिछले दिनों कोल्हापुर में इस संस्था के खिलाफ मराठा समाज ने आंदोलन भी किया था। 

मराठा आरक्षण विरोधी याचिका के लिए कांग्रेस-राकांपा नेताओं ने दी आर्थिक मददः केशव उपाध्ये 

प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता सावंत के दावे को गलत बताते हुए प्रदेश भाजपा के मुख्य प्रवक्ता केशव उपाध्ये ने कहा कि ‘सेव मेरिट, सेव नेशन’को किस-किस नेता ने चंदा दिया है, इसकी हमें जानकारी है। उन्होंने कहा कि मराठा आरक्षण जैसे संवेदनशील विषय पर सावंत अफवाह फैला रहे हैं। 60 साल से जो काम नहीं हो सका उसे देवेंद्र फडणवीस ने करके दिखाया था। मराठा आरक्षण को हाईकोर्ट में भी टिका कर दिखाया पर महा विकास आघाडी सरकार सुप्रीम कोर्ट में मराठा आरक्षण नहीं बचा सकी। इस लिए अब अपनी असफलताओं पर पर्दा डालने की कोशिश कर रहे हैं। उपाध्ये ने कहा कि भाजपा मराठा समाज के साथ खड़ी है इस लिए सावंत के पेट में दर्द हो रहा है। भाजपा नेता ने दावा किया कि मराठा आरक्षण विरोधी याचिका के लिए कुछ कांग्रेस-राकांपा नेताओं ने आर्थिक मदद दी थी। 

पदोन्नति में आरक्षण के लिए राज्य सरकार बनाए नीति- पटोले

इससे पहले राज्य के सरकारी कर्मचारियों की पदोन्नति में आरक्षण रद्द करने के प्रदेश सरकार के 7 मई को शासनादेश को वापस लेने की मांग को लेकर कांग्रेस ने तेवर और तल्ख किए। बुधवार को कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले ने कहा कि राज्य में पिछड़े वर्ग के कर्मचारियों को पदोन्नति में आरक्षण के लिए प्रदेश सरकार को एक नीति बनानी चाहिए। हम मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे से मिलकर यह मांग करेंगे। हमें उम्मीद है कि पदोन्नति में आरक्षण के मामले का हल निकल जाएगा। पत्रकारों से बातचीत में पटोले ने कहा कि राज्य में सरकार संवैधानिक व्यवस्था के अनुसार चलनी चाहिए। कांग्रेस के मंत्रियों को  विश्वास में लिए बिना सरकार की ओर से पदोन्नति में आरक्षण रद्द करने के लिए 7 मई को शासनादेश जारी किया गया था। लेकिन सरकार को यह शासनादेश को वापस लेना चाहिए। पदोन्नति में आरक्षण को लेकर कांग्रेस की नाराजगी के सवाल पर पटोले ने कहा कि महाविकास आघाड़ी में मतभेद नहीं है।

नागरिकों को गुमराह कर रही राज्य सरकार : फडणवीस 

भंडारा में बुधवार को विरोधी पक्ष नेता देवेंद्र फडणवीस ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा था कि महाविकास आघाड़ी सरकार के नेता पहले ही आपस में तय कर लेते हैं कि क्या बयान देना है। इस तरह से राज्य सरकार नागरिकों को गुमराह करने में लगी है। सरकार की कथनी और करनी में काफी अंतर है। 

मराठा आरक्षण आंदोलन करने वाले संगठनों से मिलेंगे भाजपा नेता

वहीं अब भाजपा के मराठा समाज से आने वाले नेता मराठा आरक्षण के लिए आंदोलन करने वाले विभिन्न संगठनों के प्रमुख पदाधिकारियों से मिलने के लिए राज्य भर में दौरा करेंगे। बुधवार को प्रदेश भाजपा के एक पदाधिकारी ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विधान परिषद में विपक्ष के नेता प्रवीण दरेकर, भाजपा सांसद नारायण राणे, भाजपा विधायक राधाकृष्ण विखे पाटील, भाजपा विधायक आशीष शेलार, भाजपा के पूर्व विधायक हर्षवर्धन पाटील, भाजपा समर्थित नेता व पूर्व विधायक नरेंद्र पाटील समेत कई नेताओं को राज्य का दौरा करने को कहा गया है। पदाधिकारी ने बताया कि भाजपा के मराठा समाज के नेता हर जिले में मराठा आरक्षण को लेकर पार्टी की भूमिका स्पष्ट करेंगे। इस दौरान भाजपा के नेता मराठा समाज को आरक्षण देने की मांग को लेकर विभिन्न आंदोलन करने वाले संगठनों के पदाधिकारियों से मुलाकात करेंगे। इसके साथ ही भाजपा के नेता हर जिले में प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए पार्टी की भूमिका को जनता के बीच रखेंगे। इससे पहले प्रदेश भाजपा अध्यक्ष चंद्रकांत पाटील ने स्पष्ट कर दिया था कि पार्टी मराठा आरक्षण आंदोलन में सीधे शामिल होगी। 

 

Created On :   27 May 2021 11:58 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story