- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- राज्य में आने वाले प्रवासी मजदूरों...
राज्य में आने वाले प्रवासी मजदूरों को होगा पंजीयन, देनी होगी कई तरह की जानकारियां

डिजिटल डेस्क, मुंबई। उत्तर प्रदेश, बिहार और मध्यप्रदेश जैसे राज्यों से महाराष्ट्र में आने वाले प्रवासी मजदूरों का अब पंजीयन होगा। राज्य में आने वाले प्रवासी मजदूरों को अपना पैन नंबर, आधार नंबर, मोबाइल नंबर, बिजली ग्राहक क्रमांक, ईपीएफओ, ईएसआईसी समेत दस प्रकार की जानकारी देनी होगी। महाराष्ट्र कामगार कल्याण मंडल के माध्यम से राज्य में आने वाले प्रवासी मजदूरों का पंजीयन किया जाएगा। प्रदेश सरकार के श्रम विभाग ने इस संबंध में शासनादेश जारी किया है। इसमें महाराष्ट्र कामगार कल्याण मंडल को प्रवासी मजदूरों के पंजीयन के लिए संबंधित सॉफ्टवेयर में बदलाव करने को कहा गया है। सरकार ने असंगठित और प्रवासी मजदूरों को उपलब्ध कराए जाने वाले 300 प्रकार के रोजगार की सूची बनाई है। इसी सूची के आधार पर प्रवासी मजदूरों का पंजीयन होगा। इस सूची में कारखाना कामगार, खेतिहर मजदूर, इमारत निर्माण कार्य, पान बिक्रेता, वॉचमैन, सब्जी बिक्री, लौहार, कपड़ा उत्पादन, वाहन चालक, कुरियर सेवा, वाहन सफाई काम, पेट्रोल पंप समेत 300 प्रकार के कामों का समावेश है।
महाराष्ट्र कामगार कल्याण मंडल को जानकारी जुटाने की जिम्मेदारी
सरकार का कहना है कि कोरोना संक्रमण के प्रभाव के कारण महाराष्ट्र के अनेक प्रवासी मजदूर अपने मूल गांव उत्तर प्रदेश, बिहार और मध्यप्रदेश जैसे राज्यों में चले गए थे। इसमें से कुछ प्रवासी मजदूर वापस लौट रहे हैं। ऐसे प्रवासी मजदूरों की विस्तृत कम्प्यूटरीकृत जानकारी रखना आवश्यक है। इसलिए केंद्र सरकार के निर्देश के अनुसार महाराष्ट्र कामगार कल्याण मंडल को प्रवासी मजदूरों के पंजीयन के लिए सॉफ्टवेयर को बदलने के लिए कहा गया है।
Created On :   16 Aug 2020 7:22 PM IST