ओमती थाने पहुंचा ITBP जवान, दो महीने से था लापता

Missing ITBP soldier found in Jabalpur, who posted in Indo Tibet border
ओमती थाने पहुंचा ITBP जवान, दो महीने से था लापता
ओमती थाने पहुंचा ITBP जवान, दो महीने से था लापता

डिजिटल डेस्क जबलपुर । रायपुर रेलवे स्टेशन से दो महीने से गायब आईटीबीपी का जवान रामकुमार सराठे शुक्रवार सुबह रहस्यमय तरीके से ओमती थाने में पहुंच गया। जवान ने पुलिस से कहा कि उसे ससुराल वालों ने दो महीने से भिलाई में बंधक बना रखा था। उसे फोर व्हीलर वाहन से कहीं ले जा रहे थे, तभी वह भाग निकला। उसे एक बाइक वाले युवक ने ओमती थाने के पास छोड़ दिया। पुलिस ने जवान को आईटीबीपी और उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।
दो महीने की कहानी-जवान की जुबानी - आईटीबीपी जवान रामकुमार सराठे ने बताया कि 4 नवंबर को वह रायपुर स्टेशन से बीकानेर एक्सप्रेस से इटारसी के लिए रवाना हुआ था। उसकी सीट के सामने एक युवती और चार युवक बैठे। ट्रेन चलते ही युवकों ने उस पर युवती के साथ छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया। इसके बाद उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। उसे युवकों ने भिलाई स्टेशन पर उतार लिया। इसके बाद उसे ले जाकर एक कोठरी में बंद कर दिया। उसे दिन में एक समय ही खाना दिया जाता था। उसने दो महीने तक सूरज तक नहीं देखा। उसे बार-बार कोरे कागज में साइन करने के लिए धमकी दी जाती थी।
शौच के बहाने भागा - जवान ने बताया कि गुरुवार रात लगभग 8 बजे उसे कोठरी से बाहर निकाला गया। तीन युवकों ने उसके हाथ बांध दिए। इसके बाद आंखों में पट्टी बांधकर उसे चार पहिया वाहन में बैठा दिया गया। वाहन लगातार 9 घंटे तक लगातार चलता रहा। रास्ते में एक जगह वाहन खराब हो गया। कुछ देर बाद उसने युवकों से कहा कि उसे शौच लगी है। एक युवक उसे शौच के लिए लेकर आया। वह सड़क से लगभग 50 मीटर दूर शौच के लिए चला गया। इस दौरान मौका देखकर उसने युवक को धक्का दिया और भाग निकला।
बाइक सवार ने स्टेशन के पास छोड़ा - युवकों से चंगुल से भागने के बाद वह सड़क पर पहुंचा। उसे एक बाइक सवार युवक मिला। बाइक सवार युवक ने उसे जबलपुर रेलवे स्टेशन के पास छोड़ दिया। इसके बाद वह सुबह 6 बजे ओमती थाने पहुंचा। उसने पुलिस को आपबीती बताई, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। पुलिस ने रामकुमार सराठे के परिजनों को सूचना दे दी।
थाने पहुंचे ससुराल वाले - आईटीबीपी जवान के ओमती थाने में सूचना मिलते ही रामकुमार सराठे के ससुराल वाले भी ओमती थाने पहुंच गए। उनका कहना था कि रायपुर जीआरपी ने जवान की शिनाख्त करने के लिए कहा, इसलिए वह यहां आए हैं। वहीं जवान के भाई ओमप्रकाश सराठे ने आरोप लगाया कि ससुराल वाले थाने में भी दबाव बना रहे हैं। ओमती पुलिस ने जवान रामकुमार सराठे को आईटीबीपी जबलपुर कैम्प के अधिकारियों और उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।
जवान की मानसिक हालत ठीक नहीं - ओमती थाना प्रभारी अरविंद चौबे ने बताया कि शुक्रवार सुबह आईटीबीपी का जवान रामकुमार सराठे थाने पहुंचा था। वह ठीक तरीके से बातचीत नहीं कर पा रहा था। इससे लग रहा है कि जवान की मानसिक हालत सही नहीं है। जवान को आईटीबीपी और उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। जवान और उसके परिजनों ने किसी भी प्रकार की शिकायत नहीं दी है।
ये है मामला - इटारसी निवासी आईटीबीपी के जवान रामकुमार सराठे का विवाह एक साल पहले अमर नगर रांझी निवासी माधव प्रसाद सराठे की बेटी के साथ हुआ था। शादी के बाद से ही उसका पत्नी के साथ विवाद होने लगा। उसकी पत्नी ने रांझी थाने में 498 और साइबर क्राइम का प्रकरण दर्ज करा दिया। 4 नवंबर को जवान रायपुर रेलवे स्टेशन से गायब हो गया। जवान के भाई ओमप्रकाश सराठे ने रामकुमार के ससुराल वालों पर अपहरण का आरोप लगाया था।

Created On :   30 Dec 2017 12:47 PM IST

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story