- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- सूखे की चपेट में हैं महाराष्ट्र के...
सूखे की चपेट में हैं महाराष्ट्र के सर्वाधिक 26 जिले, 75 अरब 22 करोड़ की मदद मांगी

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। महाराष्ट्र इस समय सबसे ज्यादा सूखे की मार झेल रहा है। महाराष्ट्र के सर्वाधिक 26 जिले सूखे की चपेट में हैं। सूखे की भयावहता को देखते हुए महाराष्ट्र सरकार ने केन्द्र सरकार से 75 अरब 22 करोड़ की मदद मांगी है। यह जानकारी केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री राधामोहन सिंह ने मंगलवार को लोकसभा में एक सवाल के लिखित जवाब में दी है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2018-19 के दौरान महाराष्ट्र के 26 जिलों के 85 लाख 76 हजार हेक्टेयर क्षेत्रों में सूखे के हालात हैं। प्रदेश सरकार ने इसके लिए केन्द्र से 75 अरब 22 करोड़ रूपये की मदद मांगी है। श्री सिंह ने बताया कि महाराष्ट्र के अलावा कर्नाटक के 24 जिले, झारखंड के 18 जिले, गुजरात के 11 जिले, आन्ध्रप्रदेश के 9 जिले और राजस्थान के 9 जिले भी सूखा प्रभावित हैं। इसके लिए इन राज्यों ने केन्द्रीय मदद मांगी है।
महाराष्ट्र के बाद कर्नाटक में सबसे ज्यादा 37 लाख 13 हजार हेक्टेयर भूमि सूखे की मार झेल रही है। कृषि मंत्री ने कहा कि सूखे से क्षति का आकलन करने तथा राष्ट्रीय आपदा अनुक्रिया कोष (एनडीआरएफ) से वित्तीय सहायता की सिफारिश करने के लिए इन सभी सूखा प्रभावित राज्यों का दौरा करने के वास्ते अंतरमंत्रालयी केन्द्रीय दलों का गठन किया गया है। मौजूदा प्रक्रिया के अनुसार आईएमसीटी की सिफारिशों को राष्ट्रीय कार्यकारी समिति की उपसमिति के समक्ष रखा जाता है। इसके बाद उपसमिति की सिफारिशों पर गृह मंत्री की अध्यक्षता वाली उच्चस्तरीय समिति द्वार विचार किया जाता है।
Created On :   18 Dec 2018 7:22 PM IST