- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- मुंडे ने कहा - मार्च 2024 तक पूरा...
मुंडे ने कहा - मार्च 2024 तक पूरा होगा आंबेडकर स्मारक का काम

डिजिटल डेस्क, मुंबई। महानगर के दादर स्थित इंदू मिल में बनने वाले भारतरत्न डॉ.बाबासाहब आंबेडकर के स्मारक का निर्माण कार्य मार्च 2024 तक पूरा हो जाएगा। प्रदेश के सामाजिक न्याय मंत्री धनजंय मुंडे ने यह भरोसा जताया है। बुधवार को मुंडे ने इंदू मिल में आंबेडकर स्मारक के निर्माण कार्य की समीक्षा की। इस मौके पर राज्य की स्कूली शिक्षा मंत्री वर्षा गायकवाड और प्रदेश के सामाजिक न्याय राज्य मंत्री विश्वजीत कदम मौजूद थे। पत्रकारों से बातचीत में मुंडे ने कहा कि स्मारक के निर्माण की जिम्मेदारी मुंबई महानगर प्रदेश विकास प्राधिकरण (एमएमआरडी) को दी गई है। एमएमआरडी ने स्मारक बनाने के लिए शापूरजी पालोनजी कंपनी को ठेका दिया है। सरकार की कोशिश है कि आंबेडकर स्मारक का लोकार्पण साल 2023 के आखिर अथवा साल 2024 के पहले तिमाही यानी मार्च महीने तक हो जाए। मुंडे ने कहा कि आंबेडकर स्मारक परियोजना पर अब तक 245 करोड़ रुपए खर्च हुए हैं। इस साल के बजट में 200 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। यदि इस साल अतिरिक्त 100 करोड़ रुपए की जरूरत पड़ेगी तो उसको भी उपलब्ध करा दिया जाएगा। मुंडे ने कहा कि स्मारक परिसर में आंबेडकर की प्रतिमा स्थापित करने के लिए 75 फुट लंबा पिलर बनाया जा चुका है। शेष 25 फुट पिलर का निर्माण बाकी है। एक हजार आसन क्षमता का ऑडिटोरियम बनाने का काम शुरू है। स्मारक के भूतल में 500 वाहनों के पार्किंग की व्यवस्था होगी। साथ ही बसों की पार्किंग की अलग से सुविधा होगी। मुंडे ने कहा कि आंबेडकर स्मारक के लिए मेरी अध्यक्षता में राज्य मंत्रिमंडल की उपसमिति का गठन किया गया है। उपसमिति में प्रदेश के नगर विकास मंत्री एकनाथ शिंदे और स्कूली शिक्षा मंत्री गायकवाड का समावेश है। स्मारक का निर्माण जल्द पूरा करने के लिए हर 15 दिनों में कामों की समीक्षा की जाएगी। मुंडे ने कहा कि पूर्व की भाजपा सरकार ने साल 2016 में 600 करोड़ रुपए की लागत से आंबेडकर स्मारक बनाने का फैसला किया था। लेकिन भाजपा सरकार में स्मारक के निर्माण कार्य को गति नहीं मिल पाई थी। महाविकास आघाड़ी सरकार बनने के बाद स्मारक बनाने के काम में तेजी आई है।
Created On :   11 May 2022 9:08 PM IST