- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- नगर निगम ने तोड़ा प्रॉपर्टी टैक्स...
नगर निगम ने तोड़ा प्रॉपर्टी टैक्स वसूली का रिकॉर्ड

2017-18 में आए थे अधिकतम 77.70 करोड़, इस बार अब तक आए 78 करोड़
* मार्च तक ढाई सौ करोड़ का राजस्व आ सकता है * अब तक सबसे अधिक 185 करोड़ का था रिकॉर्ड
डिजिटल डेस्क जबलपुर । नगर निगम में राजस्व वसूली के रिकॉर्ड बन रहे हैं। यह अलग बात है कि इसके बाद भी निगम प्रबंधन खुद को आर्थिक रूप से कमजोर बताते नहीं थकता और जरूरी कार्य तक रोक दिए गए हैं। वर्ष 2017-18 में 31 मार्च तक 1 लाख 57 हजार करदाताओं ने सम्पत्तिकर के रूप में 77.70 करोड़ रुपए जमा किए थे, जबकि इस बार 12 फरवरी को ही यह रिकॉर्ड टूट गया है और 1 लाख 37 हजार करदाताओं ने 78 करोड़ रुपए जमा कर दिए, जबकि अभी तो आधा फरवरी माह और पूरा मार्च बाकी है। यही कारण है कि निगम अधिकारी यह दावा कर रहे हैं कि इस बार राजस्व वसूली अब तक के तमाम रिकॉर्ड तोड़ देगी और निगम की कुल आय 251 करोड़ रुपए तक जा सकती है, पिछला रिकॉर्ड वर्ष 2017-18 का ही था, जब कुल वसूली 185 करोड़ रुपए की हुई थी।
नगर निगम के राजस्व अधिकारी पीएन सन्खेरे ने बताया कि शुक्रवार को जो रिकॉर्ड बना, उससे यह जाहिर हो गया कि अब निगम में राजस्व वसूली तेज हो गई है। यही कारण है कि 56 हजार करदाताओं को सम्पत्तिकर, 30 हजार करदाताओं को डोर-टू-डोर तथा 26 हजार को जलशुल्क जमा करने के लिए बिल वितरण का कार्य किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक वसूली हो सके। वर्तमान वित्तीय वर्ष में 157 करोड़ रुपए की राजस्व वसूली हो चुकी है और रोजाना 40 से 50 लाख रुपए जमा हो रहे हैं, जो आने वाले दिनों में प्रतिदिन 1 से 2 करोड़ रुपए हो जाएगी।
Created On :   13 Feb 2021 3:30 PM IST