- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- अवार्डा को 3 माह का एक्सटेंशन नगर...
अवार्डा को 3 माह का एक्सटेंशन नगर निगम ने जारी की एनओसी

कचरा गाडिय़ों की मरम्मत तक नहीं हो रही, घरों में नहीं पहुँच पा रहीं गाडिय़ाँ, दूसरी तरफ राशि वसूलने निगम के नए-नए पैंतरे
डिजिटल डेस्क जबलपुर । वेस्ट टू एनर्जी पॉवर प्लांट को हस्तांतरित करने वाली दुबई की अवार्डा कम्पनी को आखिरकार नगर निगम ने 3 माह की एनओसी दे दी है। यह कम्पनी एस्सेल ग्रुप से पॉवर प्लांट और डोर टू डोर कचरा कलेक्शन की व्यवस्था अपने हाथ में लेगी। कोरोना के कारण कम्पनी के प्रतिनिधि शहर नहीं आ पा रहे थे इसलिए उन्होंने एक्सटेंशन की माँग की थी। व्यवस्था को दूसरे हाथ में सौंपे जाने को लेकर एस्सेल कम्पनी के कार्य में लापरवाही नजर आने लगी है, शहर के अधिकांश क्षेत्रों में कचरा गाडिय़ाँ नहीं पहँुच रही हैं और सबसे बड़ी बात तो यह है कि दर्जनों कचरा गाडिय़ाँ खुद कचरा बन गई हैं, इनकी मरम्मत तक नहीं हो रही है। इसके बाद भी निगम डोर टू डोर का शुल्क वसूलने आमादा है।
एस्सेल कम्पनी ने वर्ष 2016 में 178 करोड़ रुपयों से प्लांट की स्थापना की थी। इस प्लांट की क्षमता 11.5 मेगावॉट बिजली बनाने की है, लेकिन कभी भी यह प्लांट पूरी क्षमता के साथ नहीं चला। इसके बाद इसी साल एस्सेल ने प्लांट को दुबई की अवार्डा कम्पनी को सौंपने की एनओसी नगर निगम से ली थी। इसके बाद अप्रैल में एक एनओसी अवार्डा को भी जारी की गई थी कि वह प्लांट को संचालित कर सकती है। चूँकि अप्रैल के बाद कोरोना तेजी से फैला जिसके कारण कम्पनी के प्रतिनिधि यहाँ आ नहीं पाए और 3 माह की मियाद समाप्त हो गई। अब निगम ने फिर 3 माह के एक्सटेंशन की एनओसी जारी की है।
जब कचरा उठता नहीं तो शुल्क किस बात का
नगर निगम ने शहरवासियों से कचरा कलेक्शन व्यवस्था के लिए प्रतिवर्ष 360 रुपए का शुल्क अधिरोपित किया है और इसे वसूला भी जा रहा है। यह अलग बात है कि बहुत कम लोग ही इसे दे रहे हैं, लेकिन अब निगम ने इसके लिए जबर्दस्ती शुरू कर दी है। प्रथम चरण में उन सीनियर सिटीजन पर दबाव बनाया गया है, जिन्हें जलशुल्क जमा करने पर 25 फीसदी की छूट दी जाती है। अब यह छूट उन्हें तभी मिलेगी जब वे डोर टू डोर का 360 रुपए जमा करेंगे। इसी प्रकार एनओसी लेने वालों से भी निगम पूरी रकम जमा करवा लेता है।
3 माह में टेकओव्हर करे कम्पनी
निगम ने अवार्डा को 3 माह के एक्सटेंशन की एनओसी जारी की है और साफ कहा है कि इस अवधि में प्लांट और डोर टू डोर कचरा कलेक्शन की व्यवस्था को टेकओव्हर किया जाए। कुछ मामलों में डोर टू डोर कचरा कलेक्शन की व्यवस्था सही नहीं है, जिसके लिए वरिष्ठ अधिकारियों ने कम्पनी के प्रतिनिधियों को चेतावनी भी दी थी। नई कम्पनी के कार्यों की मॉनीटरिंग कराई जाएगी।
भूपेन्द्र सिंह, स्वास्थ्य अधिकारी नगर निगम
Created On :   4 Sept 2020 6:41 PM IST