- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- समलैंगिक संबंधों को लेकर कर दी...
समलैंगिक संबंधों को लेकर कर दी हत्या, वीडियो क्लिप वायरल करने की दे रहा था धमकी

डिजिटल डेस्क, मुंबई। समलैंगिक संबंध तोड़ने पर अश्लील वीडियो क्लिप सार्वजनिक करने की धमकी देने वाले एक 46 वर्षीय शख्स की हत्या कर दी गई। मामले में नागपाडा पुलिस ने मुख्य आरोपी और उसके एक साथी को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने चाकू मारने के बाद जख्मी हुए उस शख्स को भिवंडी के जंगल में जिंदा ही दफन कर दिया था। गुमशुदगी की शिकायत की छानबीन करते हुए पुलिस आरोपियों तक पहुंच गई। आरोपियों की निशानदेही पर शव बरामद कर लिया गया है।
जिस शख्स की हत्या की गई उसका नाम संतोष जाधव है। जाधव के 22 वर्षीय नरेंद्र नाम के आरोपी के साथ समलैंगिक संबंध थे। लेकिन कुछ दिनों पहले नरेंद्र की शादी तय हो गई। इसके बाद नरेंद्र ने जाधव से संबंध तोड़ने की कोशिश की। लेकिन जाधव इससे नाराज हो गया और उसने नरेंद्र को धमकी दी कि अगर उसने ऐसा किया तो वह उसके साथ संबंधों को सार्वजनिक कर देगा और उसके अश्लील वीडियो क्लिप वायरल कर देगा। इससे नाराज नरेंद्र ने जाधव की हत्या की साजिश रच डाली। उसने आकाश नाम के अपने साथी के साथ मिलकर जाधव को पार्टी के नाम पर भिवंडी बुलाया और फिर तीनों ने शराब पी। इसके बाद साजिश के तहत आरोपियों ने जाधव को चाकू मारा और फिर उसे जमीन में दफन कर दिया।
जिस समय आरोपियों ने जाधव को दफन किया उसकी सांस चल रही थी। जाधव के परिवार ने गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई तो पुलिस ने उसके आखिरी मोबाइल लोकेशन की जांच की। पुलिस को पता चला कि उसी जगह पर दो और मोबाइल एक्टिव थे। जब उन दोनों को बुलाकर पूछताछ की गई तो हत्या की पूरी गुत्थी खुल गई। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया। कोर्ट में पेशी के बाद उन्हें पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।
Created On :   14 Sept 2020 7:31 PM IST