अब अण्णासाहेब पाटील महामंडल में केवल मराठा को ‘एंट्री’

Nagpur : Only Maratha will get entry in the Annasaheb Mahamandal
अब अण्णासाहेब पाटील महामंडल में केवल मराठा को ‘एंट्री’
अब अण्णासाहेब पाटील महामंडल में केवल मराठा को ‘एंट्री’

डिजिटल डेस्क, नागपुर। सभी वर्गों को कर्ज उपलब्ध कराने वाले अण्णासाहेब पाटील आर्थिक विकास महामंडल में अब केवल मराठा समाज के लोग ही आवेदन कर सकेंगे। राज्य सरकार ने नियमों में संशोधन कर अन्य वर्ग के लोगों की यहां ‘नो एंट्री’ कर दी है। इस बीच महामंडल के माध्यम से अब तक 58 लोगों को कर्ज आवंटित हो चुका है और 250 मामले अभी भी लंबित हैं। 

अण्णासाहेब पाटील आर्थिक विकास महामंडल की ओर से 18 से 45 साल के बेरोजगारों को स्वरोजगार, उद्योग, व्यवसाय व महिला बचत समूह के लिए 10 लाख से 50 लाख तक का कर्ज उपलब्ध कराया जाता है। व्यक्तिगत तौर पर 10 लाख व बचत समूहों को 50 लाख तक का कर्ज मुहैया कराया जाता है। किसान को भी 10 लाख से 50 लाख तक का कर्ज मुहैया कराया जाता है। 5 साल तक महामंडल इसका ब्याज देता है। बेरोजगार को केवल मूल राशि का भुगतान करना पड़ता है। 2017 में आई इस योजना का काम प्रत्यक्ष तौर पर जनवरी 2018 में शुरू हुआ और महामंडल अब तक 150 प्रकरणों को मंजूरी दे चुका है। 58 मामलों में कर्ज आवंटित हो चुका है। महामंडल के पास अभी 250 प्रकरण प्रलंबित हैं। 

पूरी योजना को नया मोड़  
राज्य सरकार ने नवंबर माह में नियमों में संशोधन कर पूरी योजना को ही नया मोड़ दे दिया है। सभी वर्गों की इस योजना को मराठा तक सीमित कर दिया। अब मराठा को छोड़ अन्य समाज के बेरोजगार कर्ज के लिए आवेदन नहीं कर सकेंगे। महामंडल से मंजूर आवेदनों को ही बैंक कर्ज देता है। अधिकांश महामंडल वर्ग विशेष के लिए है। यह एक ऐसा महामंडल था, जहां सभी वर्ग के बेरोजगारों को  योजनाआें का लाभ दिया जाता था। इस पर वर्ग विशेष का ठप्पा लगाकर अन्य वर्ग के लोगों को जोर का झटका धीरे से दिया है। 

पुराने प्रकरण नियम के अनुसार निपटाए जाएंगे
महामंडल की ओर से पुराने प्रकरणों को पुराने नियमों के मुताबिक ही निपटाया जाएगा। नए प्रकरण केवल मराठा समाज के ही लिए जाएंगे। नए आदेश के मुताबिक मराठा को छोड़ अन्य वर्ग के आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। 58 लोगों को 10 लाख से 50 लाख तक का कर्ज मुहैया कराया गया है। 
-प्रवीण खंडारे, सहायक निदेशक अण्णासाहेब पाटील आर्थिक विकास महामंडल नागपुर. 

Created On :   29 Dec 2018 10:54 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story