Nagpur News: नागपुर शहर के सार्वजनिक कुओं की पूरी जानकारी प्रस्तुत करने के निर्देश

नागपुर शहर के सार्वजनिक कुओं की पूरी जानकारी प्रस्तुत करने के निर्देश
हाईकोर्ट ने कहा कि यह सारा जनता का पैसा है

Nagpur News शहर के सार्वजनिक कुओं की खराब स्थिति के चलते बॉम्बे हाईकोर्ट की नागपुर खंडपीठ में जनहित याचिका दायर की गई है। सुनवाई के दौरान अदालत ने मनपा और लोक निर्माण विभाग से यह जानकारी मांगी कि शहर में कुल कितने कुएं हैं, इनमें से कितने मनपा के अंतर्गत आते हैं और कितने सार्वजनिक निर्माण विभाग के हैं।

अदालत ने यह भी पूछा कि इन कुओं की सफाई और रखरखाव के लिए क्या कदम उठाए जा रहे हैं, ये उपाय किस तरह लागू किए जाते हैं, और अगर इसके लिए ठेकेदार नियुक्त किए गए हैं तो उनके नाम और इस पर हुए खर्च का पूरा विवरण अदालत को उपलब्ध कराया जाए। अदालत ने कहा कि यह सारा खर्च जनता के पैसों से किया जाता है, इसलिए यह बताना आवश्यक है कि इसका उपयोग किस प्रकार हो रहा है।

नागपुर शहर के आधे से ज्यादा सार्वजनिक कुओं का पानी पीने योग्य नहीं रहा, और ये कुएं या तो सूखे पड़ गए हैं या तो कूड़े के गड्ढों में तब्दील हो गये हैं। इसलिए, इन कुओं को पुनर्जीवित करने की मांग करते संदेश सिंगलकर ने यह जनहित याचिका दायर की है। इस याचिका पर गुरुवार को न्यायमूर्ति अनिल किलोर और न्यायमूर्ति रजनीश व्यास की पीठ के समक्ष सुनवाई हुई।

अदालत ने इस दौरान उपरोक्त आदेश दिए। पिछली सुनवाई में अदालत ने खुद तीन कुओं का निरीक्षण किया था। बताया गया कि उनकी स्थिति अत्यंत खराब थी। इनमें से दो कुएं मनपा के नहीं बल्कि सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधीन आते हैं, यह जानकारी मनपा अदालत को दी। इस पर अदालत ने उक्त आदेश जारी किए। अब याचिका पर अगली सुनवाई 12 नवंबर को होगी। याचिकाकर्ता की ओर से एड. स्मिता सिंगलकर और मनपा की ओर से एड. सुधीर पुराणिक ने पैरवी की।


Created On :   17 Oct 2025 6:30 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story