Nagpur News: आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलवादियों को राजनीति में आकर चुनाव लड़ने का ऑफर

आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलवादियों को राजनीति में आकर चुनाव लड़ने का ऑफर
  • आठवले ने कहा मुंबई में ठाकरे भाई एकत्र रहेंगे तो उन्हें चुनाव में लाभ होगा
  • बिहार में मुख्यमंत्री पद के लिए नीतीशकुमार उम्मीदवार

Nagpur News रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया ने आत्मसमर्पण करनेवाले नक्सलवादियों को राजनीति में आकर चुनाव लड़ने का ऑफर दिया है। पार्टी के प्रमुख व केंद्रीय सामाजिक न्याय राज्यमंत्री रामदास आठवले ने कहा है कि जिन नक्सलवादियों ने हिंसा का मार्ग छोड़कर संविधान का मार्ग अपनाया है। देश व समाज की मुख्य धारा में शामिल हुए हैं वे राजनीति में आएं। आरपीआई उन्हें चुनाव लड़ने का मौका देगी।

गुरुवार को रविभवन में पत्रकार वार्ता में आठवले बोल रहे थे। दो दिन पहले गडचिरोली में 60 नक्सलवादियों ने आत्मसमर्पण किया है। इनमें 10 करोड के इनामी नक्सली भूपति का भी समावेश है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने उन्हें संविधान की प्रति देकर मुख्य धारा में शामिल किया है। इसी संबंध में आठवले बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि नक्सवादियों के त्याग के संबंध में सहानुभूति है। कई उच्च शिक्षित युवा भी नक्सल संगठनों में शामिल है। नक्सलियों ने हिंसा का जो मार्ग अपनाया वह स्वीकार्य नहीं है। आत्मसमर्पण करनेवाले नक्सलवादियों ने भी कहा है कि वे हिंसा के बजाय संविधान के मार्ग से ही देश का विकास मानते हैं।

ठाकरे भाइयों के साथ आने से लाभ : मुंबई में महानगरपालिका के चुनाव को लेकर सवाल पर आठवले ने कहा कि उद्धव ठाकरे व राज ठाकरे साथ रहेंगे तो उन्हें कुछ लाभ मिलेगा। लेकिन मुंबई मनपा में महायुति की आगे रहेगी। रिपब्लिकन पार्टी के विविध गुटों में एकता का आव्हान करते हुए कहा कि आरपीआई के अनेक गुट है,लेकिन देशभर में केवल हमारी आरपीआई ही कार्यरत है। दो राज्यों में हमारे विधायक है। और दो राज्य में विधायक होंगे तो आरपीआई को राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा मिलेगा।

एकजुटता के साथ आरपीआई की ताकत मजबूत करने के लिए 8 मार्च 2026 को नागपुर के कस्तूरचंद पार्क में आरपीआई का राष्ट्रीय सम्मेलन होगा। आठवले ने कहा कि बिहार चुनाव में नीतीशकुमार ही एनडीए के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार होंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कहा चुके हैं कि नीतीशकुमार के नेतृत्व में ही बिहार विधानसभा का चुनाव लड़ा जाएगा। कांग्रेस के मतचोरी के आरोपों पर आठवले ने सवाल दागा कि लोकसभा चुनाव में महाराष्ट्र में किसने मतचोरी किया था। पत्रकार वार्ता में डॉ.पूरनचंद्र मेश्राम, राजन वाघमारे, बालू घरडे, विनोद थूल उपस्थित थे।

Created On :   16 Oct 2025 4:23 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story