- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- लोकसभा चुनाव के लिए NCP की घोषणा...
लोकसभा चुनाव के लिए NCP की घोषणा पत्र समिति गठित, NDA के सहयोगियो को चाहिए ज्यादा सीटें

डिजिटल डेस्क, मुंबई। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) ने लोकसभा चुनाव के लिए घोषणा पत्र समिति गठित कर दी है। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष दिलीप वलसे पाटील की अध्यक्षता में गठित समिति में कुल 22 नेताओं को शामिल किया गया है। प्रदेश राकांपा अध्यक्ष जयंत पाटील ने सोमवार को बताया कि राकांपा की चुनाव घोषणा पत्र समिति में बतौर सदस्य विधायक भास्कर राव जाधव, वरिष्ठ नेता नेते अण्णा डांगे, सांसद सुप्रियाताई सुले, राष्ट्रीय प्रवक्ता नवाब मलिक, विधानपरिषद में विरोधी पक्ष के नेता धनंजय मुंडे, विधायक जितेंद्र आव्हाड, शशिकांत शिंदे, मुंबई अध्यक्ष सचिन अहिर, विधायक राजेश टोपे, पूर्व मंत्री अनिल देशमुख, राजेंद्र शिंगणे, सांसद वंदना चव्हाण, विधायक विद्या चव्हाण, पूर्व विधायक जयदेव गायकवाड, युवा राकांपा वा के प्रदेशाध्यक्ष संग्राम कोतेपाटील, महिला प्रदेशाध्यक्ष चित्रा वाघ, ओबीसी सेल के प्रदेशाध्यक्ष ईश्वर बालबुधे, अल्पसंख्यक सेल के प्रदेशाध्यक्ष गफार मलिक, डॉक्टर सेल के अध्यक्ष डॉ.विक्रम काले, विदयार्थी संघटन के प्रदेशाध्यक्ष अजिंक्यराणा पाटील, राकांपा युवती कि प्रदेशाध्यक्षा कुमारी सक्षणा सलगर, प्रदेश प्रवक्ता भूषण राऊत शामिल हैं।
मंत्री जानकार की पार्टी को भाजपा से चाहिए पांच सीटें
आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर शिवसेना के अलावा अब दूसरे सहयोगी दलों ने भी भाजपा पर दबाव बनाना शुरू कर दिया है। प्रदेश के पशुपालन मंत्री महादेव जानकर के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय समाज पक्ष लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा से पांच सीटें चाहता है। राष्ट्रीय समाज पक्ष बारामती, माढा, परभणी, हिंगोली और उत्तर-पूर्व मुंबई सीट पर दावा कर रही है। सोमवार को ‘दैनिक भास्कर’ से बातचीत में जानकर ने कहा कि हम लोकसभा चुनाव में भाजपा के साथ ही रहेंगे, लेकिन हम भाजपा से पांच सीटें चाहते हैं। सीटों को लेकर जल्द ही भाजपा के शीर्ष नेतृत्व से चर्चा करेंगे। जानकर ने कहा कि मैं बारामती लोकसभा सीट से चुनाव लड़ूंगा। उन्होंने कहा कि साल 2014 के लोकसभा चुनाव के मुकाबले पार्टी का जनाधार बढ़ा है, इसलिए हम ज्यादा सीटों की मांग कर रहे हैं। जानकर भले ही पांच सीटों पर दावा कर रहे हैं, लेकिन सूत्रों के अनुसार भाजपा बमुश्किल एक सीट देगी।
भाजपा ने साल 2014 के लोकसभा चुनाव में बारामती लोकसभा क्षेत्र से जानकर को उम्मीदवारी दी थी। उस वक्त जानकर ने राष्ट्रवादी कांग्रेस की उम्मीदवार सुप्रिया सुले को कड़ी टक्कर दी थी। हालांकि उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। इसके बाद भाजपा ने जानकर को विधान परिषद में भेजने का फैसला किया। फिलहाल राष्ट्रीय समाज पक्ष का विधानसभा और विधान परिषद की एक-एक सीट यानि कुल दो सीटों पर कब्जा है। इसके साथ ही राज्यभर में नगर निकायों में पार्टी के 98 सदस्य हैं। जानकर खुद विधान परिषद के सदस्य हैं। विधान परिषद के चुनाव में जानकर ने जिद करके अपने पार्टी के चुनाव चिन्ह पर पर्चा भरा था।
शेट्टी के खिलाफ चुनाव लड़ना चाहते हैं खोत
दूसरी ओर भाजपा के दूसरे सहयोगी दल रयत क्रांति संगठन के नेता व प्रदेश के कृषि राज्य मंत्री सदाभाऊ खोत हातकणंकले लोकसभा सीट से चुनाव लड़ना चाहते हैं। हातकणंकले सीट से फिलहाल स्वाभिमानी शेतकरी संगठन के राजू शेट्टी सांसद हैं। खोत लंबे समय तक शेट्टी के साथ थे पर उनसे मतभेद के बाद भाजपा के साथ आ गए हैं।
चार सीटों पर आठवले का दावा
वहीं केंद्रीय सामाजिक न्याय व अधिकारिता राज्य मंत्री रामदास आठवले ने भाजपा से चार सीटों की मांग कर रही है। जिसमें दक्षिण मध्य-मुंबई लोकसभा सीट भी शामिल है। आठवले ने इस सीट से खुद चुनाव लड़ने का एलान किया है। इसके अलावा रामटेक, लातूर और सोलापुर लोकसभा सीट पर पार्टी ने दावा किया है। महाराष्ट्र स्वाभिमान पक्ष के मुखिया व राज्यसभा सांसद नारायण राणे अपने बेटे नीलेश राणे के लिए रत्नागिरी-सिंधुदुर्ग लोकसभा सीट सीट चाहते हैं।
Created On :   14 Jan 2019 8:16 PM IST