- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- सीएम की मौजूदगी में निरंजन ने थामा...
सीएम की मौजूदगी में निरंजन ने थामा BJP का दामन, लड़ेंगे विधान परिषद चुनाव

डिजिटल डेस्क, मुंबई। राष्ट्रवादी कांग्रेस छोड़ने वाले निरंजन डावखरे BJP में शामिल हो गए हैं। निरंजन विधान परिषद की कोंकण स्नातक निर्वाचन सीट पर 25 जून को होने वाले चुनाव में BJP के उम्मीदवार होंगे। BJP में शामिल होते ही पार्टी ने उन्हें टिकट देने की घोषणा कर दी। गुरुवार को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और BJP प्रदेश अध्यक्ष रावसाहब दानवे की मौजूदगी में निरंजन ने समर्थकों के साथ पार्टी में प्रवेश किया। BJP के प्रदेश कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी इच्छा थी कि निरंजन BJP में शामिल हो जाएं।
मुख्यमंत्री की मौजूदगी में पार्टी में हुए शामिल
निरंजन के पिता व विधान परिषद के पूर्व उपसभापति दिवंगत वसंत डावखरे लंबे समय तक राजनीति में अजातशत्रु के रूप में काम किया। ठाणे सहित कोंकण के इलाके में निरंजन की पहचान एक युवा नेता के रूप में हैं। बीते कई महीनों से वह हमारे संपर्क में थे। उन्होंने मुझसे मुख्यधारा की राजनीति में काम करने की इच्छा व्यक्त की थी। पार्टी के भीतर चर्चा के बाद उन्हें BJP में शामिल करने का फैसला किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि BJP में शामिल होने के लिए अभी बहुत लोग कतार में हैं। सही समय आने पर नेताओं के नाम सार्वजनिक किए जाएंगे।
फडणवीस बोले- अभी पार्टी में आने के लिए काफी लोग कतार में हैं
प्रदेश अध्यक्ष दानवे ने कहा कि निरंजन ने विधायक के रूप में अच्छा काम किया है। पार्टी उन्हें आगामी विधान परिषद की कोंकण निर्वाचन सीट पर उम्मीदवारी देने के लिए BJP के संसदीय बोर्ड के पास सिफारिश भेजेगी। निरंजन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विकास की दृष्टि को ध्यान में रखते हुए मैं BJP में शामिल हो रहा हूं। उन्होंने कहा कि विधायक के रूप में जब भी मैं मुख्यमंत्री के पास विकास कामों को लेकर उन्होंने हमेशा सहयोग किया। युवा विधायक के रूप में प्रोत्साहित किया।
निरंजन जनाधार वाले नेता नहीं - पाटील
प्रदेश राष्ट्रवादी कांग्रेस के अध्यक्ष जयंत पाटील ने कहा कि मुझे नहीं लगता है कि निरंजन जनाधार वाले नेता हैं। उनका काम केवल विधान परिषद तक सीमित था। इसलिए उनके जाने से पार्टी को कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ है। इससे पहले 23 मई को निरंजन ने राष्ट्रवादी कांग्रेस छोड़ दी थी। उन्होंने विधान परिषद की सदस्यता से भी त्यागपद दे दिया था।
नरेंद्र पाटील भी BJP की राह पर
राष्ट्रवादी कांग्रेस के विधान परिषद के सदस्य नरेंद्र पाटील के भी BJP में शामिल होने की अटकलें तेज हो गई हैं। गुरुवार को निरंजन जब BJP में शामिल होने के लिए पार्टी के प्रदेश कार्यालय में आए तो पाटील उन्हें गाड़ी से छोड़ने आए थे। मंगलवार को मंत्रालय में जब निरंजन मीडिया से बात कर रहे थे। तब भी पाटील पत्रकार कक्ष के बाहर ही खड़े थे। पाटील के मुख्यमंत्री और प्रदेश के राजस्व मंत्री चंद्रकांत पाटील से बहुत ही अच्छे संबंध बताए जाते हैं।
Created On :   24 May 2018 6:21 PM IST