यूपी में रक्त संबंधों के बीच संपत्ति हस्तांतरण के लिए नहीं देना होगा स्टांप शुल्क

डिजिटल डेस्क, विजय सिंह "कौशिक', मुंबई. महाराष्ट्र की तरह अब उत्तर प्रदेश में भी रक्त संबंधियों के बीच संपत्ति के हस्तांतरण के लिए स्टाम्प शुल्क नहीं भरना होगा। पायलट प्रोजेक्ट के रुप में इस योजना की सफलता के बाद अब इसे स्थाई रुप से पूरे प्रदेश में लागू किया जाएगा। मुंबई दौरे पर आए उत्तर प्रदेश सरकार के स्टाम्प व न्यायालय शुल्क तथा पंजीयन विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविंद्र जायसवाल ने "दैनिक भास्कर' से बातचीत में यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि अभी तक रक्त संबंधियों के नाम पर संपत्ति करने के लिए पांच फीसदी स्टाम्प शुल्क देना पड़ता था। इसकी वजह से लोग स्टाम्प शुल्क जमा कर प्रापर्टी ट्रांसफर अपने रिश्तेदारों के नाम करने की बजाय स्टाम्प पेपर पर वसीयतनामा बना कर काम चलाते थे। लेकिन वसीयतनामा पर अमल वसीयत बनाने वाले की मृत्यु के बाद ही होता है। ऐसी में स्थिति में संपत्ति को लेकर परिवार में विवाद बढ़ता था। इस समस्या के समाधान के लिए मैंने योगी सरकार के सामने यह प्रस्ताव रखा कि सिर्फ 5 हजार रुपए का शुल्क लेकर बगैर स्टाम्प शुल्क वसूले रक्त संबंधों में प्रापर्टी का हस्तांतरण किया जाए। मंत्री ने बताया कि पहले अधिकारी इस पर इस लिए तैयार नहीं थे क्योंकि उन्हें लगता था कि इससे राजस्व का नुकसान होगा। पर ऐसा कुछ नहीं हुआ। बल्कि राजस्व में बढ़ोतरी ही हो गई। अनुमान था कि इससे करीब 350 करोड़ रुपए के राजस्व का नुकसान होगा। प्रयोग के तौर पर यह योजना यूपी में शुरु की गई और 6 माह के दौरान 2 लाख 58 हजार परिवारों ने इसका लाभ उठाया। इससे 1141 करोड़ रुपए का राजस्व मिला। पायलट प्रोजेक्ट की सफलता को देखते हुए अब इसे स्थाई किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि खानदानी संपत्ति के सेटलमेंट में अभी लाखो रुपए खर्च होते हैं पर हम चाहते हैं किइसके लिए सिर्फ पांच हजार का शुल्क लिया जाए। यह योजना अभी प्रस्तावित है।
महाराष्ट्र के स्टाम्प शुल्क व्यवस्था का करेंगे अध्ययन
जायसवाल ने महाराष्ट्र के स्टाम्प शुल्क व पंजीयन प्रणाली की तारीफ करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार के स्टाम्प शुल्क व पंजीयन विभाग की एक टीम जल्द ही महाराष्ट्र का दौरा करेगी। उन्होंने बताया कि यह टीम महाराष्ट्र सरकार के स्टाम्प शुल्क विभाग की कार्य प्रणाली का अध्ययन कर इसकी अच्छी चीजों को अपने प्रदेश में लागू करने के लिएसिफारिश करेगी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ निवेशकों से मिलने मुंबई आए वारणसी से भाजपा विधायक व राज्यमंत्री जायसवाल ने कहा कि यह दौरा बेहद सफल रहा है। मुंबई में उद्योगपतियों ने हमें यूपी में बड़ा निवेश करने का आश्वासन दिया है। जल्द ही इस बैठक का अच्छा परिणाम दिखाई देगा। एक सवाल के जवाब में जायसवाल ने कहा कि महाराष्ट्र में बड़ी संख्या में उत्तरभारतीय रहते हैं। इस लिए मैं उत्तर प्रदेश सरकार के सामने यह बात रखूंगा कि मध्य प्रदेश की तरह उत्तर प्रदेश सरकार भी मुंबई में रजिडेंट कमिश्नर की नियुक्ति करे।
Created On :   8 Jan 2023 6:33 PM IST