महाराष्ट्र में सात नए मामले, मरीजों की संख्या पहुंची 17 तक

Omicron - Seven new cases in Maharashtra, number of patients reached 17
महाराष्ट्र में सात नए मामले, मरीजों की संख्या पहुंची 17 तक
ओमिक्रॉन महाराष्ट्र में सात नए मामले, मरीजों की संख्या पहुंची 17 तक

डिजिटल डेस्क, मुंबई। राज्य में ओमिक्रॉन से सात नए मामले सामने आएं हैं। इसके साथ ही ओमिक्रॉन के मामले बढ़कर 17 तक पहुंच गए हैं। राज्य सरकार द्वारा शुक्रवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक मुंबई के तीन और पिंपरी चिंचवड के चार कोरोना संक्रमितों में ओमिक्रॉन वेरियंट की पुष्टि हुई है। पिंपरी चिंचवड में ओमिक्रॉन संक्रमितों की संख्या बढ़कर 10 पहुंच गई है। यहां के जो चार नए मरीज ओमिक्रॉन संक्रमित मिले हैं वे नाइजीरिया से आई ओमिक्रॉन संक्रमित महिला के रिश्तेदार हैं। पीड़ितों में साढ़े तीन साल का बच्चा भी है। इसके अलावा तंजानिया, इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका-नैरोबी का दौरा कर मुंबई आए तीन पुरुषों में कोरोना के ओमिक्रॉन वेरियंट की पुष्टि हुई है। तंजानिया से वापस लौटे 49 वर्षीय मौलवी महानगर के धारावी इलाके में रहते हैं। 4 दिसंबर को वापस आने के बाद से उन्हें क्वारेंटाइन रखा गया था और जांच के दौरान कोरोना संक्रमण और ओमिक्रॉन वेरियंट की पुष्टि हुई है। वे लोगों के बीच नहीं गए हैं। शुक्रवार को ओमिक्रॉन से पीड़ित पाए गए सात में से चार को कोरोना से बचाव के टीके की दोनों खुराक लग चुकी है। पीड़ितों में से चार में संक्रमण के कोई लक्षण नहीं नजर आ रहे हैं जबकि बाकी तीन को हल्की परेशानियां हैं। शुक्रवार शाम तक राज्य में कोरोना के एक्टिव मरीजों की कुल संख्या 6534 थी सबसे ज्यादा 1773 एक्टिव मरीज मुंबई में थे। राज्य में शुक्रवार को 695 नए मरीज मिले, 631 बीमारी को मात देकर घर लौटे और 12 लोगों ने कोरोना के चलते जान गंवाई।   
 

Created On :   10 Dec 2021 8:58 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story