शादी से इंकार किया तो लड़की पर हमला कर लगा दी इमारत से छलांग

On refused to marry, accused attacked on girl and jumped from the building
शादी से इंकार किया तो लड़की पर हमला कर लगा दी इमारत से छलांग
शादी से इंकार किया तो लड़की पर हमला कर लगा दी इमारत से छलांग

डिजिटल डेस्क, मुंबई। शादी का प्रस्ताव ठुकराए जाने से नाराज एक व्यक्ति ने 19 वर्षीय युवती पर चाकू से हमला कर उसे बुरी तरह जख्मी कर दिया। युवती किसी तरह आरोपी के चंगुल से निकलकर भागी तो आरोपी ने चार मंजिला इमारत की छत से छलांग लगा दी। दोनों को गंभीर हालत में सायन अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वारदात महानगर के खार इलाके में हुई। हमला करने वाले आरोपी का नाम मोहम्मद जहांगीर फारुख है। फारुख लड़की से इकतरफा प्यार करता था। उसने दो महीने पहले भी लड़की के सामने शादी का प्रस्ताव रखा था, लेकिन लड़की ने इनकार कर दिया था। रविवार दोपहर साढ़े 12 बजे फारुख ने एक बार फिर लड़की को मिलने के लिए छत पर बुलाया और उसके सामने शादी का प्रस्ताव रखा।

लड़की ने इनकार किया तो नाराज फारुख ने उस पर चाकू से वार कर दिया। यही नही आरोपी ने लड़की के सिर पर हथौड़े से भी वार करने की कोशिश की। लड़की किसी तरह आरोपी की चंगुल से छूटकर नीचे की ओर मदद मांगने भागी तो घबराए आरोपी ने चार मंजिला इमारत की छत से छलांग लगा दी। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस दोनों को अस्पताल ले गई। दोनों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। पुलिस ने फारुख के खिलाफ हत्या की कोशिश के आरोप में एफआईआर दर्ज कर ली है। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद उसे गिरफ्तार किया जाएगा।  


 

Created On :   28 July 2020 6:05 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story