- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- ग्वारीघाट नहाने गए 3 युवकों में से...
ग्वारीघाट नहाने गए 3 युवकों में से एक की डूबने से मौत

डिजिटल डेस्क जबलपुर। न्यू कंचनपुर में रहने वाले तीन युवक ग्वारीघाट नहाने गये थे, तभी उनमें से एक युवक की डूबने से मौत हो गई। पंकज कुशवाहा नामक युवक की मौत की जानकारी मिलते ही उनके परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई। यह घटना दोपहर दो बजे की बताई जा रही है। पंकज को डूबते देख वहाँ उपस्थित लोगों ने उसे निकालकर उसको बचाने की कोशिश की, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। पुलिस ने मर्ग कायम करने के बाद लाश को पीएम के लिए मेडिकल अस्पताल भिजवा दिया।
इस मामले में थाना प्रभारी राकेश तिवारी ने बताया है कि कंचनपुर का पंकज अपने पड़ोस के दो युवकों के साथ ग्वारीघाट दोपहर में पहुँचा था। उन लोगों ने पंडा घाट पर जाकर नहाना शुरू किया। पंकज के साथियों ने तो नहाकर पकड़े पहन लिए, लेकिन पंकज नहाता रहा और वह गहरे में चला गया। उसे डूबता देखकर वहाँ मौजूद तैराक व नाव वालों ने उसे गहरे पानी से बाहर निकाला। बाहर निकालकर उसके पेट से पानी निकाला और पम्पिंग कर उसकी साँस लौटाने की कोशिश की, लेकिन उसमें सफलता नहीं मिल सकी।
घर पर मचा कोहराम
न्यू कंचनपुर में रहने वाले हरिचरण कुशवाहा के बेटे पंकज की मौत की खबर पुलिस ने जैसे ही घर वालों को दी तो उनके घर में मातम छा गया। उन दो युवकों के घर वाले भी देर तक परेशान रहे कि उनके बेटों का क्या हुआ। पंकज के दोनों साथी हादसे के बाद से शाम तक घर वापस नहीं लौटे थे।
Created On :   13 Feb 2020 2:42 PM IST