पुलिस के खिलाफ उमड़ा आक्रोश, जमकर हुई नारेबाजी

विधायक और एसडीओपी की मध्यस्थता में हुई चर्चा, समझाइश के बाद माने लोग पुलिस के खिलाफ उमड़ा आक्रोश, जमकर हुई नारेबाजी

डिजिटल डेस्क छिंदवाड़ा/परासिया। पुलिस की कार्यशैली से नाराज लोगों ने सोमवार सुबह बस स्टेंड चांदामेटा में जमकर नारेबाजी की। पुलिस के खिलाफ उमड़े आक्रोश के बीच डीएसपी और विधायक की वार्ता हुई। जिसके बाद जन आक्रोश शांत हुआ। मामला पिछले सप्ताह हुई कुछ घटनाओं से जुड़ा है।
जानकारी के अनुसार 30 मार्च की रात में चांदामेटा वार्ड क्र 7 में कुछ युवाओं के बीच विवाद हुआ। जिसमें पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक नाबालिग और महिला को रातभर थाने में बैठाकर रखा, जिन्हें दूसरे दिन जमानत मिली। वहीं 2 अप्रैल की शाम वार्ड क्र 7 में दो पक्षों में विवाद होने की सूचना पर पुलिस पहुंची और वहां मौजूद महिलाओं को पुलिसिया अंदाज में कड़ी समझाइश दी। मामले को लेकर महिलाओं सहित स्थानीय लोगों में आक्रोश पनप गया। चांदामेटा नप अध्यक्ष गोविंद बजोलिया ने कहा कि पुलिस द्वारा तीन दिन पहले एक नाबालिग और एक महिला को रातभर थाने में बैठाकर रखा और गत दिवस वार्ड क्र 7 में महिलाओं से अपशब्द कहे गए। दुर्भावना अथवा भेदभाव पूर्ण कार्रवाई करने के खिलाफ लोगों का आक्रोश सडक़ पर फूटा और थाने का घेराव किया गया। इधर विधायक सोहन वाल्मिक ने कहा कि टीआई सहित पुलिस स्टाफ के खिलाफ लगातार शिकायतें मिल रही हंै। आम लोगों के साथ अभद्रता होती है, फर्जी प्रकरण दर्ज किया जाते हैं, सार्वजनिक रूप से मारपीट की जाती है। मामले में एसपी से उचित कार्रवाई करने अनुरोध किया गया है।
इनका कहना है--
रामनवमी की रात मारपीट मामले में शिकायत पर आरोपी पक्ष के कुछ लोग पकड़ाए। रविवार को भी आरोपियों के छिपे होने की सूचना पर उनके घर पुलिस पहुंची। पुलिस ने पूरी कार्रवाई नियमानुसार की। विधायक को स्थिति से अवगत कराया है।
-राजेन्द्र सिंह मरकाम, टीआई, चांदामेटा
आपसी विवाद के एक मामले में पुलिस ने एक पक्ष के कुछ लोगों को थाने लाकर कार्रवाई की। जिससे कुछ लोग नाराज हुए। समझाइश के बाद मामला शांत हो गया।
- अनिल शुक्ल, डीएसपी, परासिया
                                                

Created On :   3 April 2023 4:58 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story