- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- छिंदवाड़ा
- /
- 2 घंटे में बरसा आधा इंच पानी,...
Chhindwara News: 2 घंटे में बरसा आधा इंच पानी, पांढुर्ना- जाम नदी उफनाई

- मौसम...सीजन में पहली बार जाम नदी खतरे के निशान के ऊपर बही
- गुजरी मार्ग से ठप रहा सावरगांव व पांढुर्ना का आवागमन
- जाम नदी में बाढ़ की स्थिति बनने से आसपास के निचले इलाकों में अलर्ट जारी किया गया।
Chhindwara News: सुबह चटक धूप के बाद 12 बजे से बारिश का दौर दूसरे दिन भी जारी रहा। करीब दो घंटे में छिंदवाड़ा में जहां 2 इंच बारिश दर्ज की गई। वहीं पांढुर्ना जिले में बहने वाली जाम नदी उफान पर देखने मिली। गोटमार पुलिया पर नदी का जल स्तर खतरे के निशान से ऊपर था। जाम नदी में इस सीजन में पहली बार बाढ़ देखने मिली। बिना बारिश के शहर में उफनती नदी के बहाव को देखने लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी।
जानकारों ने बताया कि मुलताई व चिचंडा सहित मोही, पिपलपानी व आसपास के क्षेत्र में हुई झमाझम बारिश के चलते जाम नदी में जलस्तर बढ़ा। जबकि पांढुर्ना में काले बादल छाने के बावजूद बारिश नहीं हुई। जाम नदी का जल स्तर बढ़ने, चंद्रभागा नदी का पानी वार्डों तक पहुंचने की स्थिति को देखते हुए प्रशासनिक अमला अलर्ट मोड पर रहा।
सावरगांव में घरों तक पहुंचा पानी
जाम नदी में बाढ़ की स्थिति बनने से आसपास के निचले इलाकों में अलर्ट जारी किया गया। बाढ़ का पानी सावरगांव क्षेत्र के नदी किनारे स्थिति मकानों तक भी पहुंचा। इस दौरान स्थानीय लोगों ने बाढ़ की स्थिति को देखते हुए सुरक्षित स्थान पर शरण ले ली। पुलिया पर से बाढ़ का पानी बहने के चलते गुजरी मार्ग से सावरगांव व पांढुर्ना का आवागमन ठप रहा।
चंद्रभागा नदी का बहाव हुआ ब्लॉक
दरअसल चंद्रभागा नदी ऊंचाई से बहती है जो कि जाम नदी में गिरती है। लेकिन बुधवार को जाम नदी में जलस्तर बढ़ने और बाढ़ का दबाव अधिक होने से चंद्रभागा नदी का बहाव ब्लाक हो गया। महावीर वार्ड में ब्रम्हणी क्षेत्र के पीछे स्थिति दोनों नदियों के संगम स्थल पर जाम नदी ने चंद्रभागा नदी का बहाव रोक दिया। जिससे चंद्रभागा नदी का पानी पंढरी वार्ड, गणेश वार्ड, वसई वार्ड की ओर भरने लगा था।
सड़कें जलमग्न, पानी से होकर गुजरने की मजबूरी
इकलहरा/परासिया| न्यूटन चिखली के वार्ड क्रमांक 15 में गणेश मंदिर के सामने वेकोलि कॉलोनी में बनी सीसी सड़क पर जल भराव की स्थिति बन रही है। बारिश के पानी की निकासी नहीं होने से सड़कें लबालब रहती है। रहवासियों को पानी से होकर गुजरना पड़ता है। पार्षद संतलाल यादव ने कहा कि नप प्रशासन को आवश्यक निर्माण कार्य करने प्रस्ताव दिया है।
इकलहरा: बस स्टैंड क्षेत्र से बस्ती पहुंच मार्ग पर सड़क के ढलान पर पानी का भराव हो रहा है। इस पानी के निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने से लोगों को परेशानी बनी हुई है। सरपंच साधना प्रेमदास ने कहा कि पानी का भराव रोकने आवश्यक व्यवस्था बनाएंगे।
बड़ा हादसा टला... उफनाता नाला पार कर रहे डॉक्टर की बाइक बही
बुधवार को तेज बारिश के चलते नदी नाले उफान पर थे। दोपहर को सौंसर-बिछुआ सीमा पर ग्राम देवी और बड़ोसा के बीच भनगा नाला उफान पर था। लाेहांगी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र से लौट रहे एक डॉक्टर पानी के तेज बहाव काे पार करने का प्रयास कर रहे थे। इस दौरान वे अनियंत्रत हो गए। गनीमत है कि डॉक्टर ने समय पर बाइक छोड़ दी, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। पानी के तेज बाहव में बाइक बह गई थी।
स्थानीय युवकों ने बाइक बाहर निकाली। बताया जा रहा है कि तेज बारिश के चलते भनगा नाला उफान पर था। लोहांगी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से लौट रहे डॉक्टर शियांश पांडे ने पानी के तेज बहाव को बीच नाला पार करने की कोशिश कर रहे थे। बीच रपटे पर आकर बाइक तेज प्रवाह में बहने लगी। डॉक्टर ने बाइक छोड़ दी। वहां मौजूद युवकों ने नाले में बहती बाइक को बाहर निकाला।
Created On :   18 Sept 2025 1:40 PM IST