- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- सतना
- /
- सड़क हादसा : तेज रफ्तार बस पलटी, तीन...
सड़क हादसा : तेज रफ्तार बस पलटी, तीन की मौत, दो दर्जन घायल

डिजिटल डेस्क, सतना। अमरपाटन थाना अंतर्गत पड़हा गांव के पास बुधवार सुबह तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर पलट गयी। भीषण हादसे में तीन लोगों की मौके पर मौत हो गयी और दो दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। TI केएस यादव ने बताया कि बस पठरा से सवारी लेकर अमरपाटन आ रही थी। इस दौरान सुबह करीब सवा 10 बजे जैसे ही पड़हा के पास पहुंची तो चालक की लापरवाही से अनियंत्रित होकर पलट गई। बस में आधा सैकड़ा से ज्यादा यात्री सवार थे जो अंदर फंस गए तो गेट के पास खड़े लोग नीचे दब गए।
इन्ही में से पियुष विश्वकर्मा 25 वर्ष निवासी मौहरिया,मल्लू लोनी 30 वर्ष निवासी नौगवां और सूर्यकांत मिश्रा 40 वर्ष निवासी पाल की मौके पर ही मौत हो गयी। तीनों के शव बस के नीचे दब गए थे जिन्हें जेसीबी की मदद से बाहर निकाला गया।
सतना और रीवा भेजे गए घायल
बस दुर्घटना में 25 से ज्यादा यात्री घायल हुए, जिनमें महिलाएं, बच्चे, बुजुर्ग और पुरुष शामिल है। भीषण सड़क दुर्घटना के बाद ग्रामीणों और पुलिस की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया जहां प्राथमिक उपचार के बाद 5 गंभीर रूप से घायल यात्रियों को रीवा रेफर कर दिया गया, वहीं 5 अन्य को जिला अस्पताल भेजा गया। शेष घायल यात्रियों को अमरपाटन-मैहर से ही छुट्टी दे दी गयी। बस में आधा सैकड़ा से ज्यादा यात्री सवार थे जो अंदर फंस गए तो गेट के पास खड़े लोग नीचे दब गए।
मुकदमा दर्ज, चालक की तलाश
हादसे के बाद से ही बस ड्राइवर फरार है। पुलिस मामला कायम कर के गाड़ी के कागजातो की जांच कर रही है। यात्रियों ने बताया कि चालक तेज रफ्तार में बस चला रहा था जिसके चलते भीषण हादसा हो गया और तीन बेकसूर लोगों को जान गवानी पड़ी।
Created On :   27 Jun 2018 6:03 PM IST