- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- पटोले ने कहा - मोदी और शाह के इशारे...
पटोले ने कहा - मोदी और शाह के इशारे पर काम कर रहे जी-23 के नेता, आजाद पर तंज

डिजिटल डेस्क, मुंबई। कांग्रेस पार्टी ने जिन नेताओं को पद, प्रतिष्ठा, सम्मान दिया पर एक बार पद न मिलने पर इस कदर स्वार्थी बन रहे कि पार्टी छोड़ कर जा रहे हैं। जिस गांधी परिवार ने इन नेताओं को सबकुछ दिया आज उसी परिवार के खिलाफ टिप्पणी कर रहे हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले ने इन शब्दों में कांग्रेस से इस्तीफा देने वाले गुलाम नबी आजाद की आलोचना की। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि तथाकथित जी-23 के नेता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के इशारे पर काम कर रहे हैं। गौरतलब है कि कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी को पत्र लिख कुछ मसलों पर असहमति जताने वाले 23 कांग्रेस नेताओं को जी-23 के तौर पर संबोधित किया जाता है। इसमें पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण भी शामिल हैं। जबकि जी-23 के कई नेता पार्टी छोड़ चुके हैं।
मंगलवार को प्रदेश कांग्रेस के प्रशिक्षण व प्रबंधन समिति द्वारा नई मुंबई में आयोजित कार्यक्रम में पटोले ने कहा कि गुलामनबी आजाद को कांग्रेस व गांधी परिवार ने 50 सालों तक महत्वपूर्ण पद दिए। लेकिन आजाद व तथाकथित जी-23 के नेता मोदी-शाह के इशारे पर पार्टी के खिलाफ साजिश कर रहे हैं। पटोले ने कहा कि मेरे भाजपा सांसद पद से इस्तीफा देने के दूसरे दिन ही मेरे बंगले की बिजली-पानी कनेक्शन काट दिया गया था। लेकिन गुलाम नबी आजाद के किसी सदन का सदस्य न होने के बावजूद दिल्ली का सरकार बंगला और सारी सुविधाएं बहाल हैं। इस लिए वे मोदी-शाह के इशारे पर कांग्रेस को बदनाम कर रहे हैं। कांग्रेस नेता ने कहा कि आज देश के सामने गंभीर संकट है। सीमा पर चीन की कार्रवाई बढ़ रही है। देश का संविधान खतरे में है। ऐसे वक्त में भाजपा से सवाल करने की बजाय कांग्रेस पार्टी को बदनाम किया जा रहा है।
हाईवे के लिए कर्ज पर 44 हजार करोड़ का ब्याज
उन्होंने कहा कि भाजपा देशभर में हाईवे का जाल फैलाने का ढिढोरा पीट रही है। जबकि इसके लिए जो कर्ज लिया गया है उसके ब्याज के तौर पर हर महिने 44 हजार करोड़ रुपए देने पड़ रहे हैं। जनता पर कर्ज का इतना बड़ा बोझ रख कर विकास करने का क्या लाभ।
Created On :   30 Aug 2022 9:34 PM IST