- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- निर्विरोध निर्वाचित हुईं प्रज्ञा...
निर्विरोध निर्वाचित हुईं प्रज्ञा सातव, कांग्रेस को मिला महिला चेहरा

डिजिटल डेस्क, मुंबई। विधान परिषद की एक सीट पर हुए उपचुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार प्रज्ञा सातव निर्विरोध निर्वाचित हो गई हैं। प्रज्ञा कांग्रेस के पूर्व सांसद दिवंगत राजीव सातव की पत्नी हैं। सोमवार को उपचुनाव के लिए नामांकन लेने के आखिरी दिन भाजपा उम्मीदवार संजय केनेकर ने अपना पर्चा वापस ले लिया। केनेकर के नामांकन वापस लेने से प्रज्ञा विधान परिषद के लिए निर्विरोध निर्वाचित हो गई। इसके बाद प्रज्ञा ने विधानमंडल के सचिव तथा चुनाव निर्णय अधिकारी राजेंद्र भागवत से जीत का प्रमाणपत्र हासिल किया। वहीं भाजपा के औरंगाबाद शहर जिला के अध्यक्ष तथा उम्मीदवार केनेकर ने कहा कि महाविकास आघाड़ी ने भाजपा के प्रदेश नेतृत्व से उपचुनाव निर्विरोध कराने का आग्रह किया था। इसलिए भाजपा के प्रदेश नेतृत्व के आदेश पर मैंने पर्चा वापस ले लिया है। मुझे उम्मीदवारी वापस लेने का दुख नहीं है। मैं लगभग 30 सालों से भाजपा का निष्ठावान कार्यकर्ता हूं। मुझे उम्मीद है कि भविष्य में पार्टी मुझे दोबारा मौका देगी। इधर, कांग्रेस उम्मीदवार प्रज्ञा के निर्विरोध निर्वाचित होने से विधान परिषद में महिला सदस्यों की संख्या बढ़कर 3 हो गई है। प्रज्ञा विधान परिषद में कांग्रेस की महिला चेहरा होंगी। विधान परिषद में फिलहाल केवल शिवसेना की 2 महिला सदस्य हैं। विधान परिषद में प्रज्ञा का कार्यकाल 27 जुलाई 2024 तक होगा। प्रज्ञा के जीत के साथ ही 78 सदस्यों वाली विधान परिषद में कांग्रेस का संख्याबल बढ़कर दोबारा 10 हो गया है। विधान परिषद में कांग्रेस के सदस्य तथा सदन में पार्टी के दल नेता रहे शरद रणपिसे के निधन से रिक्त हुई सीट पर उपचुनाव घोषित हुआ था। जिसमें कांग्रेस ने दोबारा यह सीट हासिल कर ली है। इसके पहले सुबह कांग्रेस के विधानमंडल दल नेता तथा राजस्व मंत्री बालासाहब थोरात, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले, स्कूली शिक्षा मंत्री वर्षा गायकवाड समेत कांग्रेस नेताओं ने प्रज्ञा को निर्वाचित होने के लिए बधाई दी। इसके पहले कांग्रेस के नेताओं ने उपचुनाव निर्विरोध कराने के लिए विधानसभा में विपक्ष के नेता देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात की थी।
Created On :   22 Nov 2021 9:11 PM IST