राष्ट्रपति कोविंद ने किया फ्रीडम फाइटर राजबहादुर सिंह का सम्मान

President Kovind did the honor of freedom fighter Rajbahadur Singh
राष्ट्रपति कोविंद ने किया फ्रीडम फाइटर राजबहादुर सिंह का सम्मान
राष्ट्रपति कोविंद ने किया फ्रीडम फाइटर राजबहादुर सिंह का सम्मान

डिजिटल डेस्क,सतना। देश आज आजादी का जश्न मना रहा है। देश को आजाद कराने में वीर-जवानों ने अपनी जान की बाजी लगा दी थी। इसी लड़ाई में सतना जिले की भी अहम भूमिका रही थी। गोवा को पुर्तगालियों से आजाद कराने के लिए चलाए गए गोवा मुक्ति आंदोलन के दौरान सतना से भी कई लोगों ने इस आंदोलन में हिस्सा लिया था। 

दरअसल आजाद भारत का हिस्सा होने के बावजूद गोवा के लोगों को गुलामी खलती थी। इसी जुनून,जज्बे और हौसले के साथ गोवा पहुंची सतना की टोली के कदम पुर्तगालियों की गोलियां भी नहीं रोक पाईं। इसी टीम का हिस्सा रहे सतना जिले के पड़री गांव निवासी राजबहादुर सिंह और भइया बहादुर सिंह। गोवा मुक्ति आंदोलन की 75 वीं वर्षगांठ पर इन्हें देश के राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने राष्ट्रपति भवन में सम्मानित किया। गोवा मुक्ति आंदोलन के बारे में फ्रीडम फाइटर राजबहादुर सिंह बताते हैं कि तब यहां से 18 या 19 लोग चंद्रप्रताप तिवारी के नेतृत्व में गोवा गए थे। किसौली बॉर्डर के रास्ते मुंबई होते हुए गोवा पहुंचने पर सभी को अलग अलग जिम्मेदारियां दी गई थीं।

सभी लोग हाथों में तिरंगा लेकर पुर्तगालियों से मोर्चा लेते आगे बढ़ रहे थे। पुर्तगालियों की बंदूकें गोलियां बरसा रहीं थीं ,हम लोगों को कहा गया था कि जैसे ही फायर हो हम जमीन पर लेट जाएं। फिर भी टीकमगढ़ जिले के निवाड़ी निवासी साथी विक्रम सिंह यादव को गोली लग गई थी। पुर्तगालियों ने यमुना प्रसाद शास्त्री की आंखों पर प्रहार किया था लेकिन फिर भी हौसला कम नहीं हुआ और हम सभी साथी अपने अपने काम को अंजाम तक पहुंचाने में लगे रहे। राष्ट्रपति के हाथों सम्मानित होने पर  फ्रीडम फाइटर राजबहादुर कहते हैं कि ऐसा लगा मानों जीवन सार्थक हो गया। हमे खुशी है कि हमे देश की सेवा में योगदान देने का अवसर मिला।

Created On :   15 Aug 2017 9:02 AM IST

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story