- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- बिल्डर से दो करोड़ की फिरौती मामले...
बिल्डर से दो करोड़ की फिरौती मामले में पुजारी गैंग का गुर्गा गिरफ्तार

डिजिटल डेस्क, मुंबई। जान से मारने की धमकी देकर गोरेगांव इलाके के एक बिल्डर से दो करोड़ रुपए हफ्ता मांगने के मामले में पुलिस ने रवि पुजारी के एक गुर्गे को गिरफ्तार किया है। आरोपी रवि पुजारी को बिल्डर के बारे में जानकारी और उसके परिवार के लोगों का माबोईल नंबर दिया था। जिस पर फोन कर पुजारी बीते साल दिसंबर महीने से हफ्ता मांग रहा था। शुरूआती छानबीन में खुलासा हुआ है कि आरोपी ने इलाके के कई व्यवसायियों की जानकारी रवि पुजारी तक पहुंचाई है। गिरफ्तार आरोपी का नाम विल्यम अल्बर्ट रॉड्रीक्स (21) है। पुजारी दिसंबर 2018 से बिल्डर को फोन कर उससे दो करोड़ रुपए हफ्ता मांग रहा था। पुजारी ने पहले बिल्डर को फोन किया तो उन्होंने बिना डरे मामले की शिकायत पुलिस से कर दी। इसके बाद पुजारी ने बिल्डर के भाई और उनकी बहन के मोबाइल पर फोन कर धमकाना शुरू कर दिया।
माफिया को उपलब्ध कराता था मोबाईल नंबर
हद तो तब हो गई जब बिल्डर का विदेश में पढ़ने वाला भतीजा छुट्टियों में मुंबई आया और यहां इस्तेमाल के लिए नया सिमकार्ड लिया। पर यह नंबर भी पुजारी तक पहुंच गया। पुजारी बिल्डर के भतीजे को भी फोन कर धमकाने लगा। मामले की जानकारी छानबीन कर रही हफ्ता विरोधी प्रकोष्ठ को मिली तो उसे शक हो गया कि मामले में किसी ऐसे शख्स की मिलीभगत है, जो बिल्डर को जानता है। इसके बाद पुलिस ने इलाके के ऐसे लोगों की छानबीन शुरू की जो आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहे हैं। छानबीन में खुलासा हुआ कि रॉड्रिक्स के मोबाइल पर भी पुजारी फोन कर बातचीत कर रहा था। इसके बाद उसे जाल बिछाकर गोरेगांव के ओशिवारा इलाके से गिरफ्तार कर लिया गया। कोर्ट में पेशी के बाद आरोपी को 19 जनवरी तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।
Created On :   16 Jan 2019 8:14 PM IST