रैगाँव विधान सभा उपचुनाव: कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच आज होगी मतगणना

-मतगणना केन्द्र में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात, तैयारियां पूरी रैगाँव विधान सभा उपचुनाव: कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच आज होगी मतगणना

डिजिटल डेस्क सतना। उप चुनाव का जनादेश  जिला स्ट्रांग रुम में तीन चक्र के सख्त पहरे में सुरक्षित है। उपचुनाव में प्रयुक्त ईवीएम के 626  बैलेेट यूनिट, 313 कंट्रोल यूनिट और 313 वीवीपैट  के आंतरिक सुरक्षा घेरे की कमान केंद्रीय सुरक्षा बल (सीआरपीएफ) के हाथ में है। एक इंस्पेक्टर के साथ सीआरपीएफ के 32 जवान दिन-रात निगरानी में हैं। अंदर से दूसरे चक्र में एसएएफ का दोहरा सुरक्षा कवच है।  11-11 जवान स्ट्रांग रूम के सामने और पीछे  लगाए गए हैं। मेनगेट पर फ्रंट सर्किल की जिम्मेदारी जिला पुलिस बल को सौंपी गई है। डीएसपी के साथ 2 शिफ्ट में 10-10 जवान पूरे टाइम मोर्चे पर हैं।  
तीसरी आंख की निगरानी
इसके अलावा 16 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। बाहर एक एलईडी लगाई गई है,जहां से भाजपा और कांग्रेस के प्रत्याशी या फिर उनके द्वारा अधिकृत 2-2 अधिकृत अभिकर्ता स्ट्रांग रुम के अंदर की गतिविधियों पर बाहर से नजर रख सकते हैं।  दोनों दलों ने अपने दो-दो अधिकृत अभिकर्ता नियुक्त किए हैं।
मतगणना स्थल पर 250 जवान
मतगणना स्थल पर कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए 250 जवान तैनात किए जाएंगे। एडिशनल एसके जैन को संपूर्ण सुरक्षा का प्रभार सौँपा गया है। उनकी मदद के लिए  तीन डीएसपी और आधा दर्जन थाना प्रभारी नियुक्त किए गए हैं। मतगणना कर्मी सुबह साढ़े 6 बजे तक और प्रत्याशी एवं उनके गणना एजेंट सुबह 7 बजे तक अनिवार्य रुप से स्थल पर प्रवेश ले लेंगे।  मीडिया के  प्रवेश के लिए चुनाव आयोग के अधिकृत प्रवेश पत्र ही मान्य होंगे। अंदर  इधर -उधर घूमने की अनुमति नहीं होगी। मोबाइल के साथ प्रवेश प्रतिबंधित है। मोबाइल बाहर गेट में जमा करा लिए जाएंगे। इसके लिए 4 कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।

Created On :   1 Nov 2021 11:15 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story