- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- लंदन से लौटी महिला पॉजिटिव सुपर...
लंदन से लौटी महिला पॉजिटिव सुपर स्पेशिएलिटी में किया भर्ती

12 दिसंबर को परिवार के दो सदस्यों के साथ दिल्ली होते हुए जबलपुर आई थी महिला, परिजनों की रिपोर्ट निगेटिव
डिजिटल डेस्क जबलपुर । ब्रिटेन में कोरोना वायरस का नया प्रकार सामने आने के बाद जबलपुर में यूके लौटे यात्रियों की कोरोना जाँच में 1 महिला यात्री पॉजिटिव मिली है। सूत्रों के अनुसार चेरीताल निवासी 40 वर्षीय महिला परिवार के दो सदस्यों के साथ 12 दिसंबर को लंदन से दिल्ली होते हुए जबलपुर पहुँची थी। जानकारी मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग द्वारा शनिवार को महिला समेत परिवार के सभी लोगों की आरटीपीसीआर जाँच कराई गई थी, जिसकी रिपोर्ट रविवार की शाम को मिली। रिपोर्ट में महिला कोविड पॉजिटिव निकली, वहीं परिवार के अन्य सदस्यों की रिपोर्ट निगेटिव आई। परिवार के सदस्यों को एहतियातन आइसोलेट किया गया है। महिला की रिपोर्ट पॉजिटिव आते ही आनन-फानन में उन्हें सुपर स्पेशिएलिटी हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया, जहाँ उन्हें एक अलग रूम में रखा गया है। महिला में कोरोना वायरस के स्ट्रेन का पता लगाने के लिए सैम्पल रविवार को पुणे की लैब भेजा गया है। पता चला है कि ब्रिटेन में महिला की रिपोर्ट निगेटिव आई थी।
महिला में कोई लक्षण नहीं - सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद रविवार की देर शाम महिला को सुपर स्पेशिएलिटी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। महिला में कोरोना से जुड़े कोई भी लक्षण नहीं हैं। विशेष निगरानी के साथ उन्हें अलग रूम में रखा गया है। स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा कमरे में प्रवेश करने के बाद पीपीई किट को एक ही बार उपयोग के बाद डिस्पोज कर दिया जाता है।
मिली थी 53 यात्रियों की लिस्ट - यूके के विशिन्न शहरों से जबलपुर लौटे सभी यात्रियों की सैम्पलिंग हो चुकी है। विभाग द्वारा 25 नवंबर को 23 दिसंबर तक आए यात्रियों की जानकारी लेकर उनके टेस्ट कराए गए हैं। पहली लिस्ट में 41 और दूसरी लिस्ट में 12 यात्रियों को मिलाकर 53 लोगों के यूके से जबलपुर आने की जानकारी मिली थी। स्वास्थ्य विभाग को यात्रियों की जो लिस्ट मिली थी, उनमें कुछ लोग ऐसे भी थे जो जबलपुर आए ही नहीं और कुछ ऐसे थे जो जबलपुर आकर वापस लौट भी गए।
नए स्ट्रेन का पता करने देश में सिर्फ एक लैब - जानकार बताते हैं कि नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ वॉयरोलॉजी, पुणे देश की एक मात्र लैब है, जहाँ कोरोना वायरस के नए स्ट्रेन की जाँच की जा सकती है। यहाँ जेनेटिक सिक्वेंसिंग के जरिए नए स्ट्रेन का पता लगाया जाएगा।
Created On :   29 Dec 2020 3:06 PM IST