- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- पायल घोष के खिलाफ रिचा ने दायर किया...
पायल घोष के खिलाफ रिचा ने दायर किया मानहानि का दावा, कश्यप मामले में लिया था उनका नाम

डिजिटल डेस्क, मुंबई। फिल्म अभिनेत्री रिचा चड्ढा ने बॉलीवुड अभिनेत्री पायल घोष के खिलाफ बॉम्बे हाईकोर्ट में एक दावा दायर किया है। जिसमें चड्ढा ने अभिनेत्री घोष द्वारा उनके खिलाफ किए गए मानहानि पूर्ण बयान पर आपत्ति जाहिर की है। इसके साथ ही उसने 1.1 करोड़ रुपए के हर्जाने की मांग की है। अधिवक्ता सवीना बेदी के माध्यम से दायर किए गए इस दावे में अभिनेत्री चड्ढा ने घोष द्वारा एक तेलगु न्यूज चैनल को 19 सितंबर 2020 को दिए गए इंटरव्यू पर आपत्ति जताई है। दावा स्वरूप दायर याचिका में रिचा चड्ढा ने कोर्ट से आग्रह किया है कि घोष को आगे ऐसी आपत्तिजनक बयानबाजी करने से रोका जाए। साथ ही घोष से आपत्तिजनक ट्वीट, वीडियों व बयानों को वापस लेने व इसके लिए माफी मांगने के लिए कहा जाए और मानहानिपूर्ण बयान को लेकर 1 करोड़ 10 लाख रुपए मुआवजा देने का निर्देश दिया जाए। न्यायमूर्ति एके मेनन के सामने यह दावा सुनवाई के लिए आया। चूंकि दावे की प्रति मामले से जुड़े सभी पक्षकरों को अभी नहीं दी गई है। इसलिए न्यायमूर्ति ने इस पर सुनवाई 7 अक्टूबर 2020 तक के लिए स्थगित कर दी। गौरतलब है कि फ़िल्म अभिनेत्री घोष इन दिनों फिल्म निर्देशक अनुराग कश्यप पर लगाए गए यौन उत्पीड़न को लेकर सुर्खियों में है।
पायल घोष ने गृहमंत्री से मांगी सुरक्षा
निर्माता-निर्देशक अनुराग कश्यप के खिलाफ दुष्कर्म का आरोप लगाने वाली अभिनेत्री पायल घोष ने राज्य के गृहमंत्री अनिल देशमुख को पत्र लिखकर अपने और अपने वकील नितिन सातपुते को वाई श्रेणी की सुरक्षा देने की गुहार लगाई है। घोष ने लिखा है कि उनकी शिकायत के बाद भी आरोपी अनुराग को गिरफ्तार नहीं किया गया है। ऐसे में वे अपनी जान का खतरा महसूस कर रहीं हैं। सबूत मिटाने के लिए उन्हें नुकसान पहुंचाया जा सकता है। साथ ही मामले में गवाहों को भी प्रभावित किया जा सकता है। घोष के मुताबिक उन्हें अनुराग और उनके लोगों से खतरा महसूस हो रहा है वे लगातार डर के साए में जी रहीं हैं। वकील नितिन भी हमेशा उनके साथ रहते हैं इसलिए उनकी जान को भी खतरा है। ऐसे में उन्हें और उनके वकील को वाय श्रेणी की सुरक्षा दी जानी चाहिए। पायल ने पत्र की प्रति केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के साथ महाराष्ट्र के पुलिस महानिदेशक और मुंबई के पुलिस आयुक्त को भी भेजी है। हाल ही में राज्यपाल भगतसिंह कोश्यारी से मुलाकात के दौरान भी पायल ने खुद को सुरक्षा दिए जाने की मांग की थी। वर्सोवा पुलिस ने अनुराग से मामले में आठ घंटे पूछताछ की थी लेकिन उन्होंने आरोपों को खारिज करते हुए दावा किया था कि जिस समय अभिनेत्री दुष्कर्म का दावा कर रहीं हैं वे देश से बाहर श्रीलंका में एक फिल्म की शूटिंग कर रहे थे। हालांकि पायल का आरोप है कि अनुराग झूठ बोल रहे हैं। उन्होंने उनका लाइ डिटेक्टर टेस्ट करने की मांग की है। वहीं पायल घोष ने मंगलवार को दिल्ली जाकर राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष रेखा शर्मा से भी मुलाकात की है। मुलाकात के बाद घोष ने कहा कि शर्मा ने उन्हें पूरी मदद का भरोसा दिया है।
मानहानि के मामले में पेश न होने पर सफाई
अभिनेत्री रिचा चड्ढा द्वारा बांबे हाईकोर्ट में दायर मानहानि के मामले में पायल घोष की ओर से पेश न होने पर वकील नितिन सातपुते ने मंगलवार को सफाई दी है। उन्होंने कहा है कि इससे जुड़ा नोटिस देर से घोष के घर पहुंचा जिससे उन्हें इसकी जानकारी नहीं हुई। सात अक्टूबर को होने वाली अगली सुनवाई के दौरान जरूर पेश होंगे। अनुराग कश्यप मामले में अपना नाम घसीटे जाने से नाराज रिचा चढ्ढा ने पायल घोष के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दर्ज किया है।
Created On :   6 Oct 2020 5:47 PM IST